सोमवार को लखनऊ में धरना देंगे ईंट निर्माता
ईंट भट्ठा उद्योग की समस्याओं की अनदेखी किए जाने के विरोध में सोमवार को धरना देंगे।
पीलीभीत : ईंट भट्ठा उद्योग की समस्याओं की अनदेखी किए जाने के विरोध में सोमवार को प्रदेश भर से ईंट निर्माता लखनऊ पहुंचकर धरना देंगे। इसके बाद भी समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो आंदोलन को तेज किया जाएगा।
शनिवार को उपाधि महाविद्यालय चौराहा के निकट स्थित होटल में हुई जिला ईंट निर्माता संघ की बैठक में लखीमपुर खीरी से आए संघ के आंदोलन प्रमुख डॉ. नरेंद्र ¨सह ने ईंट निर्माताओँ का आह्वान किया कि सभी लोग एकजुट होकर सरकार पर दबाव बनाएंगे, तभी उनकी समस्याओ का समाधान हो सकेगा। इसके लिए सोमवार को लखनऊ में होने वाले धरना, प्रदर्शन में जिले से अधिक से अधिक ईंट निर्माता शामिल हों। उन्होंने कि सरकार की गलत नीतियों के कारण ईंट भट्ठा उद्योग दम तोड़ रहा है। फ्लाई ऐश का प्रयोग पूर्णतया बंद किया जाए। क्योंकि इससे रेडियो एक्टीविटी होने के कारण दमा, कैंसर, चर्मरोग का खतरा रहता है। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय की वर्ष 2014 व 2016 की उस अधिसूचना को निरस्त किया जाए, जिसमें फ्लाई ऐश ईंट का प्रयोग बाध्यकारी किया गया है। मिट्टी से रायल्टी समाप्त किए जाने के बावजूद अभी तक ईंट मिट्टी से रायल्टी खत्म नहीं की गई। इसी प्रकार अन्य कई समस्याएं भी हैं, जिनका निराकरण होना चाहिए। बैठक में संघ के जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता, महामंत्री हरवंश दुलवानी, दिनेश गुप्ता, अली हसन अंसारी, नवीन दुलवानी, फरमान, हाजी नईम खां, मुश्ताक अहमद समेत अन्य ईंट निर्माता शामिल रहे।