दूसरी जगह सगाई तय होते ही बदला प्रेमी का रुख, झांसे में लेकर प्रेमिका को पिलाया टॉयलेट क्लीनर एसिड; हालत गंभीर
पीलीभीत में सगाई तय होने से नाराज प्रेमी ने प्रेमिका को झांसे में लेकर टॉयलेट क्लीनर पिला दिया, जिससे उसकी ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
हालत बिगड़ते ही भागा, पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लिया
संवाद सहयोगी, बीसलपुर (पीलीभीत)। दो साल तक प्रेम संबंध रहा। साथ जीने और मरने की कसमें खाईं और फिर प्रेमी ने सगाई तय कर ली, लेकिन प्रेमिका को लेकर उसे डर था कि विवाह में कोई अड़चन पैदा न कर दे। आरोपित प्रेमी ने दो साल से चल रहे प्रेम संबंध का अंत करने के लिए खौफनाक साजिश रच डाली।
प्रेमी युवक ने प्रेमिका को बुलाया और कहा कि उसने जान देने के लिए तेजाब पी लिया है। प्रेमिका को झांसे में लेकर प्रेमिका को तेजाब (टायलेट क्लीनर) पिला दिया। इसके बाद युवती की हालत बिगड़ते ही आरोपित मौके से फरार हो गया।
गले में तेज जलन और दर्द से परेशान युवती किसी तरह घर पहुंची और दरवाजे पर पहुंचते ही गिर पड़ी। स्वजन ने उसे संभाला तो उसने प्रेमी की ओर से जबरन टाॅयलेट क्लीनर पिलाए जाने की बात बताई।
उसे बीसलपुर सीएचसी में ले जाया गया, उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपित युवक को हिरासत में ले लिया है और मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
बीसलपुर क्षेत्र के एक गांव के निवासी युवक का उसी गांव की युवती से करीब दो वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों एक ही बिरादरी के हैं। युवती के अनुसार दो अक्टूबर को युवक की कहीं और सगाई हो गई। इससे दोनों परेशान थे।
सगाई के बाद फोन पर बातचीत के दौरान युवक ने उसे मिलने के लिए गांव के बाहर बुलाया। वहां प्रेमी युवक तेजाब (टायलेट क्लीनर) की बोतल लेकर पहुंचा था। आरोपित ने पहले उसे टाॅयलेट क्लीनर पीने के लिए कहा और इसके बाद खुद भी पीने की बात कही।
उसके झांसे में आकर युवती ने टाॅयलेट क्लीनर पी लिया। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी। इसके बाद युवक उसे मौके पर तड़पता छोड़कर भाग गया। युवती किसी तरह घर पहुंची और स्वजन को पूरी घटना बताई।
इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि आरोपित युवक को हिरासत में लिया गया है। स्वजन की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
