विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी की इस कोरियोग्राफर का कमाल: बीसलपुर में सीखी डांस की बारीकियां, अब अमेरिका-कनाडा में थिरक रहे शिष्य

Published: Wed, 14 Oct 2026 05:30 AM (IST)

बीसलपुर की कोरियोग्राफर अंजू दीक्षित 50 जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क नृत्य प्रशिक्षण दे रही हैं। उनके शिष्य राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय ...और पढ़ें

अंजू दीक्षित । सौ. स्वयं

अंजू दीक्षित । सौ. स्वयं

HighLights

  1. बीसलपुर की कोरियोग्राफर अंजू दीक्षित 50 जरूरतमंद विद्यार्थियों को दे रहीं निश्शुल्क प्रशिक्षण

मनोज पाठक, बीसलपुर (पीलीभीत)। कभी नृत्य के अपने शौक को मुकाम तक पहुंचाने के लिए संघर्ष करने वाली अंजू दीक्षित आज दूसरे बच्चों के सपनों को पंख दे रही हैं। सीमित संसाधनों और सामाजिक सोच की चुनौतियों के बीच उन्होंने नृत्य की दुनिया में अपनी पहचान बनाई। अब वह अपनी कला को हुनरमंद पीढ़ी तैयार करने का जरिया बना चुकी हैं।

बीसलपुर की कोरियोग्राफर अंजू आर्थिक रूप से कमजोर 50 विद्यार्थियों को निश्शुल्क नृत्य प्रशिक्षण दे रही हैं। उनके सिखाए बच्चे देश ही नहीं, अमेरिका और कनाडा में आयोजित प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं।

नगर की छेदालाल कालोनी निवासी ज्ञान प्रकाश दीक्षित की बेटी अंजू का बचपन से ही नृत्य के प्रति गहरा लगाव था। उन्होंने सूरज कालोनी निवासी अपने फूफा और शिक्षक संदीप त्रिपाठी से नृत्य की बारीकियां सीखीं।

वर्ष 2007 में घर से ही नटराज डांस अकादमी की शुरुआत की। माता सुनीता दीक्षित और पिता के सहयोग से उन्होंने अपने हुनर को निखारा और दूसरे बच्चों को भी प्रशिक्षण देना शुरू किया।

उस दौर में कई अभिभावक बच्चों को नृत्य सिखाने के पक्ष में नहीं थे, लेकिन अंजू ने विरोध और सीमित अवसरों के बावजूद अपने कदम पीछे नहीं खींचे। वर्ष 2008 से वह कैम स्काॅलर्स स्कूल में नृत्य शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं।

वर्ष 2012 में स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के साथ योग में डिप्लोमा किया। वर्ष 2018 में जुम्बा फिटनेस की कक्षाएं शुरू कर अपने कौशल का दायरा बढ़ाया।

उनकी प्रतिभा को वर्ष 2013 में मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान और वर्ष 2014 में स्टार प्लस की ओर से सम्मान मिला। पांच जिलों में सर्वश्रेष्ठ नृत्य विजेता का पुरस्कार हासिल करने के साथ वर्ष 2025 में कैम स्काॅलर्स स्कूल के निदेशक मनीष अग्रवाल ने भी उन्हें सम्मानित किया।

शिष्यों की उपलब्धियों में देखती हैं अपनी मेहनत का परिणाम

अंजू के प्रशिक्षण से अक्षरा अग्रवाल ने मुंबई में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की नृत्य प्रतियोगिता में सफलता हासिल की। अग्रिमा, सिद्धि दीक्षित, ईशा अग्रवाल, शानवी अग्रवाल और राधा अग्रवाल भी विदेश में आयोजित प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखा चुकी हैं।

अंजू का कहना है कि अब नृत्य को लेकर लोगों की सोच बदल रही है। बच्चे इसे करियर के रूप में अपना रहे हैं। उनके पास 60 वर्ष तक के लोग भी नृत्य सीखने आते हैं। प्रशिक्षण देने के साथ वह इनर व्हील क्लब से जुड़कर समाजसेवा करती हैं और जरूरतमंद बच्चों की मदद में भी योगदान देती हैं।

यह भी पढ़ें- बरेली से पीलीभीत का सफर होगा टोल फ्री! सितारगंज हाईवे पर मार्च से भर सकेंगे फर्राटा, हटेगा लभेड़ा टोल