लखनऊ जा रही बस पलटी डेढ़ दर्जन यात्री घायल
लखनऊ मे होने वाले एकल अभियान स्वराज सेनानी सम्मेलन में शामिल होने जा रहे खटीमा क्षेत्र के यात्रियों से भरी बस देर रात्रि माधोटांडा के करीब खारजा नहर पुल के तिराहा पर पलट गई।
संवाद सहयोगी, कलीनगर( पीलीभीत): लखनऊ मे होने वाले एकल अभियान स्वराज सेनानी सम्मेलन में शामिल होने जा रहे खटीमा क्षेत्र के यात्रियों से भरी बस देर रात्रि माधोटांडा के करीब खारजा नहर पुल के तिराहा पर पलट गई। बस में सवार करीब डेढ़ दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। गंभीर रूप से 19 घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य यात्रियों को भी हल्की चोट आई हैं। सुबह शेष यात्री सामान के साथ घर लौट गए हैं।
उत्तराखंड के जनपद उधम सिंह नगर के खटीमा क्षेत्र के एकल अभियान से जुड़े लोग शनिवार रात को लखनऊ में रविवार को होने वाले एकल अभियान स्वराज सेनानी सम्मेलन में शामिल होने के लिए 51 यात्री रात करीब 10 बजे एक प्राइवेट बस नंबर यूपी 16 एफ 9183 से खटीमा पूरनपुर रोड से लखनऊ जाने को रवाना हुए थे। शनिवार की रात को कोहरा भी था। तेज स्पीड से चल नहीं बस माधोटांडा क्षेत्र में खारजा नहर पुल के तिराहा पर पहुंची। तेज रफ्तार होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा। जिससे बस तिराहे के पास बने यात्री शेड के सामने पलट गई। अचानक हुई इस दुर्घटना से यात्री हड़बड़ा गए। बस में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग सीटों के बीच फंस गए और चीख पुकार मचाने लगे। शोर सुनकर करीब स्थित ढाबा मालिक प्रशांत मौके पर जा पहुंचा। इसी बीच डगा की ओर से गश्त करके वापस थाने जीप आ गई। दुर्घटना को देखकर पुलिसकर्मियों ने घटना की सूचना थाने दी। जिस के बाद पुलिस ने घायलों को अपने और एंबुलेंस से बस में फंसे घायलों को निकाल कर सीएससी पहुंचाना शुरू कर दिया। सीएचसी प्रभारी डॉ. विनीत यादव ने बताया कि इस दुर्घटना में घायल 19 यात्री सीएचसी लाए गए जिनमें से 16 को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।