टेंपो पलटा, एक दर्जन लोग घायल
संस,बीसलपुर (पीलीभीत) : फरीदपुर मार्ग पर अनियंत्रित गति से जा रहे धान से भरे ट्रैक्टर ट्राली की टक्क
संस,बीसलपुर (पीलीभीत) : फरीदपुर मार्ग पर अनियंत्रित गति से जा रहे धान से भरे ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से टेंपो में सवार एक दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में चार लोगों की हालत चिताजनक बनी हुई है। उन्हें बरेली के निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद भाग रहे चालक को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मीरपुर वाहनपुर निवासी शहजादे गांव के एक दर्जन लोगों के साथ फरीदपुर में भर्ती अपने रिश्तेदार को देखकर लौट रहे थे। टेंपो जब ग्राम अठकोना के पास पहुंचा तभी विपरीत दिशा से तेज गति से आ रहे धान से भरे ट्रैक्टर ट्राली के चालक ने एकाएक टैंपो में टक्कर मार दी जिससे टेंपो पलट गया। उसमें सवार शहजादे, कमरूद्दीन की पत्नी शमीलन, जानमुहम्मद की पत्नी मुन्नी बेगम, जहांगीर की पत्नी बिट्टन, शाह मुहम्मद, जाबिर की पत्नी शहादिया, मुरादे बख्श सहित एक दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों की चीख पुकार सुनकर आस पास के खेतों में काम करने वाले लोग भागकर मौके पर आ गए और घायलों को बाहर निकाला। मौके से भाग रहे ट्रैक्टर चालक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। घायलों को उपचार के लिए बीसलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। शाह मुहम्मद, नियाजा बेगम, व मुरादे समेत चार लोगों की हालत चिताजनक होने के कारण उन्हें बरेली रेफर कर दिया गया।