विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यीडा की नई आवासीय भूखंड योजना लॉन्च, ग्रेटर नोएडा में घर बनाने का सुनहरा अवसर

Published: Mon, 06 Apr 2026 11:05 PM (IST)Updated: Mon, 06 Apr 2026 11:24 PM (IST)

यीडा ने एनसीआर में 973 आवासीय भूखंडों की नई योजना शुरू की है, जिसकी कीमत 36260 रुपये प्रति वर्गमीटर है। ...और पढ़ें

यीडा ने एनसीआर में 973 आवासीय भूखंडों की नई योजना शुरू की है। इमेज एआई

यीडा ने एनसीआर में 973 आवासीय भूखंडों की नई योजना शुरू की है। इमेज एआई

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। एनसीआर में आवासीय संपत्ति की कीमतें आसमान छू रही हैं। करोड़ों के फ्लैट खरीदना लोगों की जेब से बाहर होता जा रहा है। ऐसे में नोएडा एयरपोर्ट और यमुना, गंगा व ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे जैसी कनेक्टिविटी के साथ 36260 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से आवासीय भूखंड खरीदना एनसीआर में घर बनाने वालों के लिए अच्छा विकल्प हो सकता है।

यीडा ने सोमवार को 973 आवासीय भूखंड की योजना को लांच कर दिया है। पहले दिन ही से इस योजना में आवेदन भी शुरू हो गए है। 755 भूखंड सामान्य श्रेणी व शेष आरक्षित श्रेणी के लिए हैं।

लोग अपनी सुविधा के अनुसार 162 वर्गमीटर से लेकर 290 वर्गमीटर तक के विकल्प में से किसी एक का चुनाव कर आवेदन कर सकेंंगे। भूखंड की कीमत की दस प्रतिशत राशि पंजीकरण शुल्क व शेष 90 प्रतिशत आवंटन के साठ दिन में भुगतान करनी होगी।

नोएडा एयरपोर्ट, फिल्म सिटी, औद्योगिक पार्क समेत यमुना व ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, गंगा लिंक एक्सप्रेसवे और भविष्य में हाई स्पीड रेल, नमो भारत रैपिड रैल जैसी परियोजनाओं के कारण यीडा क्षेत्र में घर बनाने वालों की मांग तेजी से बढ़ी है। इस मांग को पूरा करने के लिए यीडा ने चालू वित्त वर्ष की पहली आवासीय भूखंड योजना निकाली है।

सेक्टर 15 सी, 18 व सेक्टर 24ए में 973 भूखंडों का आवंटन लाटरी से किया जाएगा। भूखंडों का मूल्य 36260 रुपए प्रति वर्गमीटर तय किया गया है। आवेदन और भुगतान के लिए केवल आन लाइन का विकल्प दिया गया है।आवेदन पत्र की कीमत छह सौ रुपए निर्धारित की गई है।

योजना में छह बैंकोंं को फाइनेंस का मौका दिया गया है। आन लाइन आवेदन की सुविधा से देश विदेश में बैठे लोग भी योजना मेंं आसानी से आवेदन कर सकेंगे।

दंपती को योजना में आवेदन करने का मौका दिया गया है, लेकिन दाेनों के नाम पर भूखंड आवंटित होने पर उनमें से एक को अपना भूखंड सरेंडर करना होगा। यीडा सीईओ राकेश कुमार सिंह का कहना है कि योजना में छह अप्रैल से छह मई तक आवेदन का मौका दिया गया है। 18 जून को लाटरी से भूखंडों का आवंटन किया जाएगा।

भूखंड आकार के अनुसार पंजीकरण राशि
भूखंड आकार (वर्ग मीटर) संख्या पंजी. राशि (रुपये)
162 476 5,87,412
183 04 6,63,558
184 04 6,67,184
200 481 7,25,200
223 06 8,08,598
290 02 10,51,540

यह भी पढ़ें: नोएडा एयरपोर्ट के तीसरे चरण से 14 गांवों के किसानों को होगा फायदा, 8913 करोड़ रुपये मुआवजा बांटने की प्रक्रिया तेज