नोएडा एयरपोर्ट के पास 500 एकड़ में बनेगी यूनिवर्सिटी सिटी, देश-विदेश के टॉप कैंपस बनाने का प्लान तैयार
यमुना प्राधिकरण सेक्टर 11 में 500 एकड़ में एक नई यूनिवर्सिटी सिटी विकसित करेगा, जिसमें देश-विदेश के नामचीन विश्वविद्यालय स्थापित ...और पढ़ें

यीडा नोएडा में बनाएगा यूनिवर्सिटी सिटी। फोटो: एआई जनरेटेड
HighLights
सेक्टर 11 में 500 एकड़ में यूनिवर्सिटी सिटी का विकास
देश-विदेश के नामचीन विश्वविद्यालय होंगे स्थापित, शिक्षा का केंद्र
नोएडा एयरपोर्ट के निकट, बेहतर कनेक्टिविटी से छात्रों को लाभ
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में अब यूनिवर्सिटी सिटी विकसित की जाएगी। सेक्टर-11 में 500 एकड़ में बनने वाली इस यूनिवर्सिटी सिटी में देश-विदेश की नामचीन यूनिवर्सिटी के कैंपस होंगे। शासन के निर्देश पर प्राधिकरण ने इसके लिए जमीन चिह्नित कर ली है।
सेक्टर-11 में 500 एकड़ में बनेगी यूनिवर्सिटी सिटी
यमुना प्राधिकरण औद्योगिक शहर के साथ एजुकेशन हब के तौर पर भी अपनी पहचान स्थापित करेगा। मिनी एसडीजेड योजना के तहत 2011 में यीडा ने सेक्टर-17ए में 13 भूखंड आवंटित किए थे। इसमें नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी और गलगोटियाज यूनिवर्सिटी स्थापित हो चुकी हैं।
इसके अलावा सेक्टर-22ई में जेबीएम, नरसी मोंजी, फोर स्कूल समेत अन्य शिक्षण संस्थानों को भूखंड आवंटित किए गए हैं। जेबीएम यूनिवर्सिटी का निर्माण अंतिम चरण में है। अन्य का निर्माण भी चल रहा है।
पांच विश्वविद्यालयों के साथ विकसित होंगी अन्य सुविधाएं
इसके साथ ही प्राधिकरण सेक्टर-11 में यूनिवर्सिटी सिटी विकसित करने की योजना पर काम कर रहा है। शासन से निर्देश मिलने के बाद 500 एकड़ जमीन इसके लिए चिह्नित कर दी गई है। इसी सेक्टर में प्राधिकरण की फिनटेक सिटी परियोजना भी 750 एकड़ में प्रस्तावित है।
यूनिवर्सिटी सिटी में पांच विश्वविद्यालय स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा छात्रावास समेत अन्य सुविधाएं विकसित होंगी। प्राधिकरण की योजना यूनिवर्सिटी सिटी में देश-विदेश के नामचीन शिक्षण संस्थानों को भूखंड आवंटित करने की है। शासन के निर्देश के बाद भूखंड योजना निकालकर आवंटन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
एयरपोर्ट और रोड कनेक्टिविटी से छात्रों को मिलेगा फायदा
सेक्टर-11 नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नजदीक होने के साथ ही प्रस्तावित 130 मीटर रोड के किनारे पर है। यह रोड ग्रेटर नोएडा में चार मूर्ति चौक से शुरू होकर यीडा क्षेत्र में प्रस्तावित खुर्जा-पलवल एक्सप्रेसवे को जोड़ेगी।
इसके निकट ही यीडा के आवासीय सेक्टर भी नियोजित हैं। इसलिए शहर में रहने वालों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा के अवसर मिलेंगे। एयरपोर्ट और रोड कनेक्टिविटी के कारण अन्य शहरों के छात्रों के लिए भी यह सुविधाजनक होगा।
यीडा सीईओ राकेश कुमार सिंह का कहना है कि सेक्टर-11 में यूनिवर्सिटी सिटी के लिए 500 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। यूनिवर्सिटी की जरूरतों को देखते हुए सेक्टर का आंतरिक विकास किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- बारिश से नए नवेले नोएडा एयरपोर्ट का ऐसा हाल, अंडरपास में कई फीट तक भरा पानी; ड्रेनेज सिस्टम फेल
यह भी पढ़ें- E-85 पेट्रोल वाली Bikes की एंट्री, भारत के पहले मेथेनॉल ट्रक का ट्रायल पूरा; अब इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर से खेती
