विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सुपरटेक अपकंट्री सोसायटी में अवैध पीजी की जांच पर बवाल, ग्रेटर नोएडा में YEIDA की टीम के साथ बदसलूकी

Published: Wed, 22 Jul 2026 09:01 AM (GMT+05:30)

यमुना प्राधिकरण की टीम सुपरटेक अपकंट्री सोसायटी में अवैध पीजी और कमर्शियल किचन की जांच करने पहुंची, जहां पीजी संचालकों ने टीम के साथ अभद्रता की।

यीडा की टीम के साथ सोसायटी में बदसलूकी। फोटो: आर्काइव

यीडा की टीम के साथ सोसायटी में बदसलूकी। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. अवैध पीजी जांचने गई यमुना प्राधिकरण टीम से अभद्रता हुई

  2. सुपरटेक अपकंट्री सोसायटी में घटना का वीडियो वायरल

  3. पुलिस को अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है

जागरण संवाददाता, दनकौर। यमुना विकास प्राधिकरण के सेक्टर 17 स्थित सुपरटेक अपकंट्री सोसायटी में मंगलवार को अवैध पीजी की जांच करने पहुंची प्राधिकरण की टीम के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है।

घटना का एक विडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्ररित हो रहा है। हालांकि, देर शाम तक इस मामले में पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली थी।

जानकारी के अनुसार, सोसायटी में लंबे समय से कुछ फ्लैटों में संचालित पीजी (पेइंग गेस्ट) और कमर्शियल किचन को लेकर स्थानीय निवासियों में नाराजगी थी।

उनका आरोप है कि इन गतिविधियों के कारण सोसाइटी में सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है और पार्किंग, साफ-सफाई, शोर-शराबा तथा अन्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं।

निवासियों की शिकायत पर पहुंची टीम

इस संबंध में कुछ दिन पहले सोसायटी के निवासियों ने यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत के आधार पर मंगलवार को यमुना प्राधिकरण की टीम मौके पर जांच के लिए पहुंची।

आरोप है कि इस दौरान कुछ पीजी संचालकों ने टीम के साथ अभद्र व्यवहार किया और जांच प्रक्रिया में बाधा डालने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का विडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर साझा कर दिया, जो अब प्रसारित हो रहा है।

कार्रवाई की मांग कर रहे निवासी

सोसायटी के निवासियों का कहना है कि नियमों के विपरीत संचालित पीजी और कमर्शियल गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि आवासीय परिसर का वातावरण सुरक्षित और शांतिपूर्ण बना रहे।

दनकौर कोतवाली पुलिस का कहना है कि अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर पूरे प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की मदद से होगी कार्रवाई : सीईओ

यीडा सीईओ राकेश सिंह ने बताया कि आवासीय परिसर में कमर्शियल गतिविधि मान्य नहीं है। इसकी शिकायत निवासियों ने की थी। यदि कार्रवाई के दौरान जोर जबरदस्ती की गई, तो पुलिस की मदद से कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक सेक्टरों में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन शुरु, उद्योग विहार एक्सटेंशन बना पहला चरण

यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा के सात गांवों के सरकारी स्कूलों की बदलेगी सूरत, तीन करोड़ से होगा कायाकल्प