YEIDA के 6000 आवंटियों का इंतजार खत्म, जल्द मिलेगा प्लाट का कब्जा; 2009 से अटका था सपना
यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में 2009 से अपने आवासीय प्लाटों का इंतजार कर रहे करीब छह हजार आवंटियों को जल्द ही ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।
HighLights
छह हजार आवंटियों को यमुना प्राधिकरण प्लाटों का कब्जा मिलेगा।
प्राधिकरण ने आवासीय प्लाटों का इंटरनल डेवलपमेंट पूरा कर लिया।
जल्द ही लीज प्लान जारी कर आवंटियों को राहत मिलेगी।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में आशियाना का सपना देखने वाले करीब छह हजार आवंटियों के लिए राहत भरी खबर है।
वर्षों से कब्जे का इंतजार कर रहे आवंटियों को अब जल्द ही प्लाट मिलने वाला है। यमुना प्राधिकरण ने आवासीय प्लाटों के इंटरनल डेवलपमेंट का काम लगभग पूरा कर लिया है और अब लीज प्लान जारी करने की तैयारी में है।
दरअसल, यमुना प्राधिकरण ने वर्ष 2009 में 21 हजार आवासीय प्लाट की पहली बड़ी योजना निकाली थी। बड़ी संख्या में लोगों को प्लाट आवंटित हुए, लेकिन जमीन विवाद और कोर्ट केस के कारण कई प्लाट पर विकास कार्य अटक गया।
कई सेक्टरों में काम पूरा
इससे आवंटियों को सालों तक इंतजार करना पड़ा। अब प्राधिकरण ने अधिकांश विवाद निपटाते हुए विकास कार्य तेज कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक कई सेक्टरों में काम पूरा होने वाला है।
सेक्टर-18 में करीब 1700 प्लाट, सेक्टर-20 में करीब 2800 प्लाट, सेक्टर-16 में 1271 प्लाट और सेक्टर-17 व 17ए में करीब 75 प्लाट का विकास लगभग पूरा हो चुका है। सेक्टर-22डी में भी 6 प्लाट तैयार हैं। प्राधिकरण चरणबद्ध तरीके से कब्जा देगा।
जल्द ही जारी होगा लीज प्लान
पहले चरण में करीब दो हजार प्लाटों का लीज प्लान जारी होगा, दूसरे चरण में चार हजार प्लाटों का। लीज प्लान के बाद आवंटी रजिस्ट्री कराकर अपने प्लाट पर कब्जा ले सकेंगे।
यमुना प्राधिकरण के एसीईओ शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि डेवलपमेंट का काम तेजी से चल रहा है और जल्द ही लीज प्लान जारी कर दिया जाएगा। इससे 2009 से इंतजार कर रहे आवंटियों को बड़ी राहत मिलेगी।
यह भी पढ़ें- यीडा सिटी की बदलेगी सूरत, एयरपोर्ट के भव्य स्वागत के लिए बनेगा आकर्षक प्रवेश द्वार
यह भी पढ़ें- नोएडा में जापानी कपंनी 10 एकड़ में लगाएगी फूड प्रोसेसिंग प्लांट, यीडा सिटी में किया जा रहा 200 करोड़ का निवेश
