यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 11, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
चौके-छक्के के साथ हुआ वर्ल्ड दिव्यांग टी-10 क्रिकेट लीग का आगाज
जागरण संवाददाता नोएडा देशभर के दिव्यांग क्रिकेट को प्रोत्साहित करने के लिए बृहस्पतिवा

जागरण संवाददाता, नोएडा :
देशभर के दिव्यांग क्रिकेट को प्रोत्साहित करने के लिए बृहस्पतिवार को सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम में क्रिकेट का महाकुंभ वर्ल्ड दिव्यांग टी-10 क्रिकेट लीग का आगाज हो गया। पहली बार नोएडा की जमीन पर आयोजित हो रहे दिव्यांग क्रिकेट मुकाबले में देश के 28 राज्यों की दिव्यांग क्रिकेट टीमों ने हिस्सा लिया है। महिला शक्ति को आगे बढ़ाते हुए क्रिकेट लीग का पहला मुकाबला देश की महिला दिव्यांग टीम के बीच खेला गया, जो महिला दिव्यांग खिलाड़ियों का प्रथम राष्ट्रीय मुकाबला रहा। विभिन्न राज्यों से आई महिला खिलाड़ियों को दो टीमों में बांटा गया। ब्लू फ्लाई गर्ल्स और प्रिसेस वारियर्स के बीच हुए रोमांचक मुकाबले में 33 रन से प्रिसेस वारियर्स की टीम विजेता बनी। टी-10 क्रिकेट लीग का आयोजन कर्नाटक स्टेट फिजिकल चैलेंज क्रिकेट एसोसिएशन करा रहा है।
-----
प्रिसेस वारियर्स की टीम ने 10 ओवर में बिना विकेट खोए 78 रन बनाए। जिसमें शशि ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों पर 7 चौके जड़ते हुए 42 रन बनाए, शाहिस्ता ने 28 गेंदों में 14 रन दिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ब्लू फ्लाई गर्ल्स की टीम 45 रन ही बना सकी। मंगला ने 28 गेंद पर 11 रन बनाए, रितुजा ने 18 गेंद पर 13 रन दिए। अपनी शानदार पारी से टीम को जीत के मुकाम पर ले जाने के लिए शशि को मैन ऑफ द मैच का खिताब मिला।
-------
दिल्ली की टीम ने मारी बाजी
वर्ल्ड टी-10 लीग में पुरुष टीम को दो वर्गो में बांटा गया है। टूर्नामेंट के प्रथम दिन दिल्ली और उत्तर प्रदेश, जम्मू और हरियाणा, नागालैंड और सौराष्ट्र की टीम के बीच मुकाबला हुआ। यूपी की टीम ने 10 ओवर में चार विकेट खोकर 83 रन बनाए, ओमवीर सिंह ने 31 गेंद पर छह चौके और एक छक्का जड़कर 49 रन बनाए। दिल्ली की टीम से सलमान मिर्जा ने 12 गेंद पर 24 रन बनाए, पवन कुमार ने 19 गेंद पर 31 रन बटोरे। दिल्ली ने आठ ओवर में दो विकेट के नुकसान पर मैच जीत लिया। पवन कुमार मैन ऑफ द मैच बने। दूसरे मुकाबले में हरियाणा की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी की, जम्मू की टीम ने चार विकेट खोकर 107 रन बनाए। नदीम ने 25 गेंदों पर छह चौके और एक छक्का लगाते हुए 48 रन बनाए। हरियाणा की टीम ने 8 विकेट के नुकसान पर 77 बनाए। जम्मू की टीम 30 रन से विजेता बनी, नदीम मैन आफ द मैच बने। नागालैंड और सौराष्ट्र के बीच हुए मुकाबले में सौराष्ट्र की टीम चार रन से विजेता बनी। शानदार गेंदबाजी के लिए नीरज को मैन आफ का मैच का खिताब मिला।
