विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चोंच मारकर घायल करने वाले सात उल्लुओं को वन विभाग ने पकड़ा, ग्रेनो वेस्ट के ला रेजिडेंशिया के लोगों को मिली राहत

Published: Mon, 14 Sep 2026 10:15 PM (IST)

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की 'ला रेजिडेंशिया' सोसायटी में लोगों पर हमला कर रहे सात उल्लुओं को वन विभाग ने रेस्क्यू ...और पढ़ें

'ला रेजिडेंशिया' सोसायटी में पिछले एक सप्ताह से लोगों के सिर पर हमला (फाइल फोटो) कर दहशत फैला रहे उल्लुओं को वन विभाग की टीम ने सोमवार शाम को पकड़ लिया।

'ला रेजिडेंशिया' सोसायटी में पिछले एक सप्ताह से लोगों के सिर पर हमला (फाइल फोटो) कर दहशत फैला रहे उल्लुओं को वन विभाग की टीम ने सोमवार शाम को पकड़ लिया।

HighLights

  1. ग्रेटर नोएडा वेस्ट में उल्लुओं के हमले से मिली राहत।

  2. वन विभाग ने सात उल्लुओं के परिवार को सुरक्षित रेस्क्यू किया।

  3. रेस्क्यू किए गए उल्लुओं को सूरजपुर पक्षी विहार में छोड़ा जाएगा।

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित 'ला रेजिडेंशिया' सोसायटी में पिछले एक सप्ताह से लोगों के सिर पर हमला कर दहशत फैला रहे उल्लुओं से आखिरकार लोगों को राहत मिल गई है। वन विभाग की टीम ने सोमवार शाम सोसायटी परिसर में विशेष रेस्क्यू अभियान चलाकर सात उल्लुओं के पूरे परिवार को सुरक्षित पकड़ लिया। इनमें दो वयस्क और पांच चूजे शामिल हैं। वन विभाग इन सभी को सूरजपुर स्थित पक्षी विहार में सुरक्षित छोड़ेगा।

रात में टहलने वालों पर कर रहे थे हमला

सोसायटी निवासी सुमिल जलोटा ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से रात के समय टहलने निकलने वाले निवासियों पर उल्लू अचानक हमला कर रहे थे। उल्लू ऊंचाई से आकर सीधे लोगों के सिर पर चोंच मारकर उन्हें घायल कर देते थे। लगातार हो रही इन घटनाओं से बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं में भारी डर का माहौल बन गया था, जिससे लोग शाम के बाद घरों से बाहर निकलने से कतराने लगे थे।

विशेषज्ञों की मदद से वन विभाग ने पकड़ा

मामले की जानकारी मिलने पर शनिवार को वन विभाग की टीम ने सोसायटी का दौरा किया था। उल्लुओं के संभावित ठिकानों का पता लगाने के लिए विशेषज्ञों की मदद ली गई। वन विभाग के कर्मचारियों राम अवतार व राहुल के साथ वाइल्डलाइफ रेस्क्यूअर आशीष टाक और डॉ. विनीत अरोड़ा ने इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम ने दिन-रात निगरानी रखकर ठिकानों की पहचान की। सोमवार शाम सर्च अभियान चलाकर काफी मशक्कत के बाद सातों उल्लुओं को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।

सोसायटी के लोगों को वन विभाग की सलाह

उल्लुओं के पकड़े जाने के बाद निवासियों ने राहत की सांस ली और वन विभाग व रेस्क्यू टीम का धन्यवाद व्यक्त किया। अब बच्चे और बुजुर्ग बिना किसी डर के पार्क में सैर कर सकेंगे। वन विभाग ने एहतियात के तौर पर निवासियों को कुछ दिन सावधानी बरतने, अंधेरे स्थानों में जाने से बचने और रात में बाहर निकलते समय टोपी या कपड़े से सिर ढकने की सलाह दी है।

यह भी पढ़ें- उल्लुओं के हमले से खौफ में ग्रेटर नोएडा की सोसायटी, शाम होते ही घरों में कैद हो जाते हैं लोग