विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भांग चिकन और झंगोरे की खीर, नोएडा में लें पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद; गौर सिटी मॉल में सजा उत्तराखंडी जायका

Published: Sat, 19 Sep 2026 03:46 PM (IST)

ग्रेटर नोएडा के बारबेक्यू नेशन में उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों का फूड फेस्टिवल चल रहा है, जहाँ पहाड़ों की ताज़गी और स्वाद का अनुभव किया जा सकता है।

नोएडा के गौर सिटी मॉल में शुरू हुआ उत्तराखंडी फूड फेस्टिवल। फोटो: सौरभ राय

नोएडा के गौर सिटी मॉल में शुरू हुआ उत्तराखंडी फूड फेस्टिवल। फोटो: सौरभ राय

HighLights

  1. ग्रेटर नोएडा में बारबेक्यू नेशन पर उत्तराखंडी फूड फेस्टिवल का आयोजन।

  2. पारंपरिक पहाड़ी शाकाहारी और मांसाहारी व्यंजनों का अनूठा स्वाद उपलब्ध।

  3. सिलबट्टे की चटनी, भांग चिकन, झंगोरे की खीर प्रमुख आकर्षण।

प्रवेंद्र सिंह सिकरवार, नोएडा। रफ्तार भरती जिंदगी के बीच किसी कोने से जलती हुई लकड़ी का सौंधापन, लोहे की कड़ाही में भुनते मसालों की खूशबू...बंद परिवेश में भी पहाड़ों की ठंडी हवाओं की ताजगी महसूस करा देती है।

ग्रेटर नोएडा के गौर सिटी माॅल स्थित बारबेक्यू नेशन इन दिनों उत्तराखंड के गांवों पारंपरिक रसोई के स्वाद से सजा है। इस फूड पाॅप-अप की शुरुआत बेहद सादगी और सेहत से भरपूर दालों के अर्क से बने सूप से होती है।

इसके बाद शुरू होता है पहाड़ी थाली का असली रोमांच। सिलबट्टे पर पिसी चटनियां और लाल भात (चावल) के साथ यहां उन दुर्लभ पहाड़ी मसालों का जादू बिखरा है, जिन्हें शेफ विशेष रूप से पहाड़ों से चुनकर लाई हैं।

भांग के बीज, जख्या का चटकीला तड़का, गंदरायणी और जंबू की खुशबू पूरे माहौल को पहाड़ी रंग में रंग देती है

Noida food festival 2

लोहे की कड़ाही का चैस्सू और झोली-भात का सुकून

उत्तराखंड के खान-पान की असली पहचान उसके शाकाहारी व्यंजनों की सादगी में है। यहां लोहे की कढ़ाई में काली उड़द को भूनकर और जख्या का तड़का लगाकर तैयार किया गया पारंपरिक 'चैस्सू' परोसा जा रहा है।

साथ ही सेम की फलियों से बनी 'छेमी की दाल' और छाछ में ताजी मेथी, पालक व बेसन का घोल मिलाकर तैयार की गई 'झोली' पहाड़ी घरों की याद दिला देती है।

Noida food festival 1

कड़ाही में बने चटपटे 'आलू के गुटके' और लाल चावल के साथ राजमा का काम्बिनेशन ऐसा है, जो नोएडा में बैठे-बैठे ही पहाड़ों की सैर करा देता है। मांसाहारी शौकीनों के लिए यह फेस्टिवल किसी तोहफे से कम नहीं है।

भुने हुए भांग के बीजों के गाढ़े पेस्ट और खड़े मसालों के साथ धीमी आंच पर पका 'भांग चिकन' अपने अनोखे और गजब के स्वाद से हर किसी को लुभा रहा है।

इसके अलावा, पहाड़ी जड़ी-बूटियों (जंबू और गंदरायणी) की सुगंध से महकता 'मटन छपछपा', 'चिकन शिकार' और 'सूखा मटन शिकार' यहाँ आने वाले भोजन-प्रेमियों के बीच खासा लोकप्रिय हो रहा है

Noida food festival 3

झंगोरे की खीर और अरसे से पहाड़ी स्वाद को विराम

और अंत में पहाड़ी दूध और बिना मेवा के पकी झंगोरे की खीर और गुड़ व चावल के आटे से बना पारंपरिक अरसा आपके दिन को खास बना देगा

  • स्थान: बारबेक्यू नेशन, गौर सिटी माल, ग्रेटर नोएडा वेस्ट
  • समय: लंच 12 से तीन और डिनर साढे छह से रात 11 बजे तक
  • शुल्क: प्रति व्यक्ति 650 से 1200 रुपये तक

यह भी पढ़ें- डीयू कौथिग में सिमट आया 'पहाड़', गूंजा हुड़का और हरुल; पहाड़ी लोकगीतों की थाप पर झूम उठे छात्र