छोटे निवेशकों के लिए बड़ा मौका! सिकंदराबाद में UPSIDA की नई योजना; MSME उद्यमियों को कैसे मिलेगा लाभ?
यूपीसीडा सिकंदराबाद में लघु और एमएसएमई उद्यमियों के लिए 50 औद्योगिक भूखंडों की नई योजना ला रहा है। यह योजना ...और पढ़ें
-1794042218257_m.webp)
यूपीसीडा सिकंदराबाद में जल्द लाएगी 50 औद्योगिक भूखंडों की योजना। जागरण
HighLights
यूपीसीडा सिकंदराबाद में 50 औद्योगिक भूखंडों की योजना लाएगा।
छोटे और एमएसएमई उद्यमियों को मिलेगा कम निवेश में अवसर।
बेहतर कनेक्टिविटी से माल ढुलाई आसान, स्थानीय रोजगार बढ़ेगा।
रंजीत मिश्रा, ग्रेटर नोएडा। दिल्ली-एनसीआर में उद्योग लगाने का सपना देख रहे उद्यमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। यूपीसीडा सिकंदराबाद में औद्योगिक भूखंडों की नई योजना लांच करने जा रहा है।
इसके लिए सूरजपुर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय ने तैयारी शुरू कर दी है। प्रस्ताव बनाकर मुख्यालय को भेजा जा चुका है। योजना में करीब 50 औद्योगिक भूखंड शामिल होंगे। ये भूखंड 400 से 600 वर्ग मीटर आकार के होंगे, जो खासतौर पर लघु उद्योग और एमएसएमई वर्ग के उद्यमियों के लिए उपयुक्त माने जा रहे हैं।
छोटे निवेश के साथ अपना कारोबार शुरू करने वालों के लिए यह योजना बेहद कारगर साबित होगी। सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी और सुविधाओं के चलते उद्यमियों की लंबे समय से योजना लाने की मांग थी, जो अब पूरी होने जा रही है।
योजना से क्या-क्या लाभ होंगे
इस योजना का सबसे बड़ा लाभ छोटे उद्यमियों को मिलेगा। कम पूंजी में प्लाट मिलने से वे आसानी से फैक्ट्री, वेयरहाउस, पैकेजिंग, आटो पार्ट्स, प्लास्टिक, इलेक्ट्रानिक और फूड प्रोसेसिंग जैसी इकाइयां लगा सकेंगे।
माल ढुलाई होगी आसान
सिकंदराबाद की लोकेशन दिल्ली, ग्रेटर नोएडा, बुलंदशहर और पश्चिमी यूपी से सीधी जुड़ी है। नेशनल हाईवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के करीब होने से माल ढुलाई में लागत कम आएगी। योजना से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा। पहले से स्थापित औद्योगिक माहौल से नई इकाइयों को कच्चा माल, मजदूर और बाजार आसानी से मिल सकेगा।
औद्योगिक भूखंड योजना का उद्देश्य छोटे और मध्यम उद्यमियों को कम निवेश में उद्योग लगाने का अवसर देना है। हम चाहते हैं कि उद्यमी यहीं से अपना कारोबार शुरू करें और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिले। ब्रोशर में सभी शर्तें पारदर्शी तरीके से दी जाएंगी, ताकि किसी को कोई परेशानी न हो। योजना की कीमत और आवेदन प्रक्रिया को लेकर जल्द ही विस्तृत ब्रोशर जारी किया जाएगा। - अनिल शर्मा क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा ग्रेटर नोएडा सूरजपुर रीजन