नोएडा मेट्रो का नहीं करना पड़ेगा इंतजार, यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के लिए 5 दिन हर 7.5 मिनट में मिलेगी ट्रेन
ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के लिए नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (NMRC) ने मेट्रो सेवाओं में बदलाव किया है।

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के लिए बढ़ाए गए मेट्रो के फेरे। फोटो: आर्काइव
HighLights
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 25 से 29 सितंबर तक आयोजित
शनिवार-रविवार को एक्वा लाइन मेट्रो के फेरे बढ़ाए जाएंगे
तीन स्टेशनों पर अतिरिक्त स्टाफ और सुरक्षाकर्मी तैनात होंगे
जागरण संवाददाता, नोएडा। ग्रेटर नोएडा स्थित एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक UP International Trade Show (UPITS) संचालित होगा। इसमें एनसीआर से काफी संख्या में लोगों के आने की उम्मीद है।
लोगों को आने जाने में दिक्क्त न हो, इसलिए नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) ने उनकी सहूलियत के लिए शनिवार को साढ़े सात और रविवार को 10 मिनट के अंतराल में मेट्रो चलाने का निर्णय लिया है। आमतौर पर शनिवार को 10 और रविवार को 15 मिनट के अंतराल में मेट्रो मिलती है।
शनिवार-रविवार को बढ़ेंगे मेट्रो के फेरे
नोएडा-ग्रेनो के बीच एक्वा लाइन मेट्रो का संचालन होता है। एनसीआर से आने वाले लोग सेक्टर-52 में ब्लू लाइन मेट्रो स्टेशन से उतरकर सेक्टर-51 से ग्रेनो की ओर जाने के लिए एक्वा मेट्रो लेते हैं। शुक्रवार से यूपी ट्रेड शो की शुरुआत होगी। ऐसे में मेट्रो के फेरे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
25 से 29 सितंबर तक बदली व्यवस्था
NMRC प्रबंध निदेशक कृष्णा करुणेश ने बताया कि सोमवार से शुक्रवार के बीच व्यस्त समय में सुबह आठ से 11 और शाम को पांच से आठ बजे के बीच हर साढ़े सात मिनट में मेट्रो चलाई जाती है।
इसके बाद सुबह 11 से शाम पांच बजे तक 10 मिनट के अंतराल में मेट्रो चलती है। शनिवार को 10-10 मिनट के अंतराल में मेट्रो चलती है, जबकि रविवार को 15-15 मिनट के अंतराल में मेट्रो चलती है।
ट्रेड शो के कारण शनिवार को 10 के बजाए साढ़े सात मिनट के अंतराल में दिनभर मेट्रो चलाई जाएगी। रविवार को 15 मिनट के बजाए 10 मिनट के अंतराल में मेट्रो चलाई जाएगी। यह व्यवस्था 25 से 29 सितंबर तक लागू रहेगी।
तीन स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षा
ट्रेड शो के दौरान नोएडा के सेक्टर-51 के अलावा ग्रेनो के परी चौक और नॉलेज पार्क-2 स्टेशन पर अधिक भीड़भाड़ रहने की संभावना है। इसको देखते हुए संबंधित स्टेशनों पर अतिरिक्त स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों की तैनात की जाएगी। भीड़ भाड़ बढ़ने पर अतिरिक्त कर्मचारी व्यवस्था संभालेंगे।
