2027 के चुनावी रण के लिए कांग्रेस ने बदली रणनीति? पुराने नेताओं पर जताया भरोसा; ये है पूरा प्लान
कांग्रेस पार्टी ने 2027 विधानसभा चुनाव में अपने वर्तमान जिला और शहर अध्यक्षों के नेतृत्व में उतरने का फैसला किया ...और पढ़ें
-1794661329326_m.webp)
चुनाव में वर्तमान जिला और शहर अध्यक्षों के साथ मैदान में उतरेगी कांग्रेस। जागरण
HighLights
कांग्रेस 2027 विधानसभा चुनाव वर्तमान अध्यक्षों के नेतृत्व में लड़ेगी।
लखनऊ में संगठन-संवाद-संकल्प कार्यशाला में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।
बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।
जागरण संवाददाता, नोएडा। विधानसभा चुनाव-2027 में कांग्रेस पार्टी ने अपने पुराने जिला एवं शहर अध्यक्षों के दम पर ही मैदान में उतरने का फैसला किया है।
शुक्रवार को लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष अराधना मिश्रा मोना ने गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद समेत विभिन्न जिलों के अध्यक्षों के साथ संगठन-संवाद-संकल्प कार्यशाला की। उन्होंने सभी वर्तमान जिलाध्यक्ष और शहर अध्यक्षों को चुनाव में पूरी ताकत से जुटने का स्पष्ट संदेश दिया।
बैठक में गौतमबुद्धनगर में जिलाध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला और नोएडा महानगर अध्यक्ष मुकेश यादव ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने स्पष्ट कहा कि पार्टी वर्तमान जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों के नेतृत्व में ही पूरी मजबूती, एकजुटता और दृढ़ संकल्प के साथ विधानसभा चुनावों की तैयारियों को आगे बढ़ाएगी।
उन्होंने कहा कि चुनाव में पार्टी की मजबूती का आधार जमीनी संगठन, बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता, जनता के मुद्दों पर निरंतर संघर्ष और संगठनात्मक अनुशासन होगा।
प्रदेश नेतृत्व के महत्वपूर्ण संदेश पर जिलाध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला व शहर अध्यक्ष मुकेश यादव ने कहा कि संगठन की गतिविधियों को और अधिक गति देने व नोएडा, दादरी के अलावा जेवर विधानसभा क्षेत्रों में राजनीतिक एवं संगठनात्मक उपस्थिति को सशक्त बनाया जाएगा।
कहा कि, गौतमबुद्ध नगर में कांग्रेस ने किसान, युवा, महिला, बेरोजगार, व्यापारी और आम नागरिकों के मुद्दों पर लगातार जनसंघर्ष किया है। लोकतंत्र व संविधान की रक्षा, मतदाताओं के अधिकारों, किसानों की समस्याओं और जनहित के अन्य विषयों पर धरना-प्रदर्शन, पदयात्राओं, जनसभाओं एवं संगठनात्मक बैठकाें में कार्यकर्ताओं ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है।