तीन बदमाश गिरफ्तार, चोरी का ई-रिक्शा बरामद
संवाद सहयोगी दादरी पुलिस ने बृहस्पतिवार रात गश्त के दौरान फरीदाबाद (हरियाणा) से चुराए गए ई-रिक्शा सहित तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए तीनों बदमाशों पर दिल्ली व हरियाणा में चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं।
संवाद सहयोगी, दादरी : पुलिस ने बृहस्पतिवार रात गश्त के दौरान फरीदाबाद (हरियाणा) से चुराए गए ई-रिक्शा सहित तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए तीनों बदमाशों पर दिल्ली व हरियाणा में चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं।
दादरी कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार रात पुलिस टीम दादरी-रूपबास बाइपास पर गश्त कर रही थी। इस बीच सूचना मिली की एक ई-रिक्शा मे सवार तीन युवक चोरी के रिक्शा को ठिकाने लगाने दादरी जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने रूपबास गांव के गोल चक्कर पर वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद ग्रेटर नोएडा की तरफ से आ रहे ई-रिक्शा को पुलिस ने रोका। रिक्शा पर सवार तीनों युवक पुलिस को संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। संदेह होने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने अपना अपराध कबूल कर लिया। आरोपितों की पहचान मनोज निवासी मगटपुर थाना आजम नगर कटिहार (बिहार) के रूप में हुई। आरोपित वर्तमान में लक्कडपुरा, शिव दुर्गा विहार कॉलोनी जिला फरीदाबाद (हरियाणा) में रहता था। जबकि दूसरा आरोपित अशफाक निवासी राजी बस्ती थाना ठाकुरगंज जिला किशनपुर (बिहार) का रहने वाला है और पहाड़गंज, दिल्ली में रहता था। तीसरा आरोपित गुलाम ए मुश्तफा निवासी हेगाटोली, थाना किशनगंज बिहार का रहने वाला है, वह फरीदाबाद में किराये पर रहता था। आरोपितों ने तीन और ई-रिक्शा फरीदाबाद से चोरी करने की बात कबूल की। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चारों ई-रिक्शा बरामद कर ली। आरोपितों ने बताया कि वह रेलवे स्टेशन, टेंपो स्टैंड से रात में सोते हुए चालकों का ई-रिक्शा चोरी कर कम दाम में गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद जिलों में बेच देते थे। तीनों बदमाशों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।