टूटे परों की तेजी से हैरान है आसमान
अजय चौहान नोएडा मंजिलें उन्हीं को मिलती हैं जिनके सपनों में जान होती है पंखों से कु
अजय चौहान, नोएडा :
मंजिलें उन्हीं को मिलती हैं, जिनके सपनों में जान होती है, पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है। यह बात 19 वर्षीय दिव्यांग क्रिकेटर मोहम्मद सादिक पर सटीक बैठती है। जो शख्स बचपन में ही पोलियो जैसी बीमारी की चपेट में आकर जिदगीभर के लिए बाएं पैर से चलने में असमर्थ हो, वह क्रिकेट की पिच पर अपनी तेजी से सबको चौंका देगा, ऐसा शायद ही किसी ने सोचा होगा। अपने मजबूत इरादों के दम पर सादिक ने विपरीत हालात को भी अपने अनुकूल बना दिया है।
रविवार को नोएडा स्टेडियम सेक्टर-21 में दिव्यांग वर्ल्ड टी-10 लीग में सबसे तेज दिव्यांग गेंदबाज के लिए आयोजित ट्रायल में उन्होंने 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी। शामली जिले के कैराना के रहने वाले मोहम्मद सादिक जब बड़े हुए तो हमउम्र दोस्तों को देख उन्होंने भी क्रिकेट खेलने की इच्छा जताई। शुरुआत में घर वालों ने पैर के चलते खेलने से मना किया, लेकिन सादिक नहीं माने। वह चोरी-छिपे खेलते रहे। देखते ही देखते वह अपनी प्रतिभा से सब की नजर में आ गए। उनका खेल लगातार निखरता गया। अच्छे-अच्छे बल्लेबाज उनकी गेंदबाजी का सामने नहीं कर पाते हैं।
इसी बीच उन पर क्रिकेट कोच प्रवीन की नजर पड़ी। उन्होंने सादिक को अपनी एकेडमी में निश्शुल्क क्रिकेट का पेशेवर प्रशिक्षण देना शुरू किया। प्रवीन ने ही सादिक को दिव्यांग क्रिकेट के बारे में बताया। 2017 से वह दिव्यांग क्रिकेट खेल रहे हैं। बीते वर्ष टी-10 लीग के पहले सत्र में भी उनका प्रदर्शन दमदार रहा। सादिक के पिता मोहम्मद इस्लाम श्रमिक हैं। सादिक अपने बूते ही क्रिकेट में आगे बढ़ रहे हैं। उनको दिव्यांग क्रिकेट से बड़ी उम्मीदें हैं।
----- ट्रायल में 30 दिव्यांग गेंदबाजों ने दिखाया दम वर्ल्ड दिव्यांग टी-10 लीग के संस्थापक राजीव मिश्रा ने बताया कि सबसे तेज गेंदबाज के ट्रायल के लिए देशभर से 30 क्रिकेटरों ने दमखम दिखाया। ट्रायल झारखंड के पूर्व रणजी प्लेयर मासूम राजा की देखरेख में हुआ। इसमें सादिक 130 किमी के साथ सबसे तेज गेंदबाज रहे। उनका दावा है कि सादिक देश के भी सबसे दिव्यांग तेज गेंदबाज है। आगरा के अजहर, इटावा के अवनीश तिवारी, राजस्थान के सुरेश ने संयुक्त रूप से 125 किमी की रफ्तार के साथ दूसरी तेज रफ्तार निकाली। अतुल गोस्वामी ने 120, बिहार के अनवर ने 118, दिल्ली के मोहित सिंह ने 115, चित्रकूट के युनिस ने 110 किमी तेज गेंद फेंकी।
---
फरवरी में शुरू होगा लीग का दूसरा सत्र वर्ल्ड दिव्यांग टी-10 लीग के दूसरे सत्र का आयोजन 2022 में 18 से 28 फरवरी तक होगा। सभी मैच नोएडा स्टेडियम में खेले जाएंगे।