सफल रही किलाबंदी, जेवर टोल के बाद थी पाबंदी
प्रवीण विक्रम सिंह ग्रेटर नोएडा हाथरस जाते दौरान राहुल गांधी और प्रियंका को यमुना एक्सप्र
प्रवीण विक्रम सिंह, ग्रेटर नोएडा : हाथरस जाते दौरान राहुल गांधी और प्रियंका को यमुना एक्सप्रेस वे पर रोकने में कामयाब हुई पुलिस ने पूरी स्क्रिप्ट बुधवार रात ही तैयार कर ली थी। योजनाबद्ध तरीके से दोनों को डीएनडी व यमुना एक्सप्रेस वे का जीरो प्वाइंट जान बूझकर पार कराया गया। पहले से योजना थी कि जेवर टोल के बाद जाने की पाबंदी रहेगी। उससे पहले की गई पुलिस किलाबंदी सफल भी हुई। दोनों नेताओं को एक्सप्रेस वे जीरो प्वाइंट से आठ किलोमीटर के दायरे में ईकोटेक एक कोतवाली क्षेत्र से वापस लौटाया गया।
पुलिस बल पहले से ही योजनाबद्ध तरीके से जेवर टोल पर तैनात था। तभी सूचना मिली कि राहुल व प्रियंका जीरो प्वाइंट पर चढ़ने के बाद पैदल चल रहे हैं। सूचना पर जेवर टोल पर तैनात सौ से अधिक पुलिसकर्मी विपरीत दिशा में जीरो प्वाइंट की तरफ कूच कर गए। जीरो प्वाइंट से आठ किलोमीटर तक ही दोनों नेता चल सके। इसके बाद दोनों को पुलिस जीप में बैठाकर फार्मूला वन ट्रैक के गेस्ट हाउस में ले जाया गया। वहां वार्ता के बाद दोनों को ग्रेटर नोएडा पुलिस दिल्ली बार्डर तक शाम पांच बजे छोड़ कर आई।
---
पुलिस जीप में बैठाते ही कार्यकर्ता हुए बेकाबू
राहुल गांधी और प्रियंका को पुलिस ने हिरासत में लेकर पुलिस जीप में बैठा दिया। दोनों को गेस्टहाउस ले जाने लगी तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। पुलिस की जीप को चारों ओर से घेर कर पार्टी कार्यकर्ता जमीन पर लेट गए। ताकि उन्हें पुलिस न ले जा सके जबकि कुछ कार्यकर्ता उस जीप के ऊपर चढ़कर हंगामा करने लगे जिसमें राहुल गांधी बैठे हुए थे।
---
जेवर टोल के नौ गेट किए गए बंद
पुलिस ने जेवर टोल पर दोनों नेताओं को रोकने के लिए टोल के 12 में से नौ गेट बंद करा दिए थे जिससे कि काफिले को रोका जा सके। महज तीन टोल टोल चालू थे जिस वजह से एक्सप्रेस वे पर करीब आधा घंटा जाम की स्थिति भी उत्पन्न हुई।
---
यात्रियों को हुई परेशानी
एक्सप्रेस वे पर जब दोनों नेता पैदल चलने लगे तो पुलिस व मीडिया का जमावड़ा लग गया। दोपहर एक से शाम पांच बजे के बीच ग्रेटर नोएडा से जेवर जाने वाली लेन पर जा रहे यात्रियों को परेशानी हुई। उनकी गाड़ी जाम में फंस गई। पांच बजे के बाद लोगों को जाम के झाम से राहत मिली।
---
कब क्या हुआ
दोपहर 01:20 बजे : नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस वे पर एडवांट बिल्डिग के सामने से निकला राहुल-प्रियंका का काफिला
01:36 : यमुना एक्सप्रेस वे के जीरो प्वाइंट पर रोका गया काफिला
01:46 : जीरो प्वाइंट से राहुल-प्रियंका का चार गाड़ियों का काफिला निकला, समर्थक रोके गए
01:50 : एक्सप्रेस वे राहुल व प्रियंका ने पैदल चलना शुरू किया
01:52 : जेवर टोल पर तैनात पुलिस बल विपरीत दिशा में ग्रेनो की तरफ रवाना हुआ
02:19 : यमुना एक्सप्रेस वे पर तीन किलोमीटर तक पैदल चल चुके थे दोनों नेता
02:25 : ईकोटेक एक कोतवाली क्षेत्र में एक्सप्रेस वे पर पैदल चलते दौरान पहली बार पुलिस ने दोनों नेता को रोक कर वापस जाने की अपील की
02:27 : एक्सप्रेस वे पर कांग्रेसी व पुलिस बल में झड़प
02:30 : एक्सप्रेस वे धक्का-मुक्की के दौरान गिरे राहुल गांधी
02:32 : उठने के बाद सड़क किनारे खुद बैठ गए राहुल
02:33 : पुलिस ने मानव श्रृंखला बनाई
02:36 प्रियंका पीछे रह गर्इं, राहुल ने मोर्चा संभाला
02:39 : राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा एक्सप्रेस वे पर पहुंचे
02:52 : एक्सप्रेस वे से ही प्रियंका ने ट्वीट कर सरकार पर निशाना साधा
03:10 : दूसरी बार राहुल को रोका गया
03:34 : अपर पुलिस आयुक्त लव कुमार पहुंचे एक्सप्रेस वे
03:39 : पुलिस ने दोनों नेताओं को पुलिस जीप में बैठाया, फार्मूला वन के लिए रवाना
03:42 : कांग्रेसी जीप की छत पर चढ़ गए व सड़क पर लेट गए
03:50 : कांग्रेस जिलाध्यक्ष को दौड़ा कर पीटा
04:17 : दोनों नेताओं को लेकर फार्मूला वन ट्रैक के गेस्ट हाउस पर पहुंची पुलिस
04:57 : दिल्ली के लिए दोनों नेताओं को लेकर रवाना हुई पुलिस
05:31 : ग्रेटर नोएडा पुलिस ने दोनों नेताओं को दिल्ली सीमा में कराया प्रवेश और खुद वापस लौटी