स्विस इंजीनियरिंग से तैयार नोएडा एयरपोर्ट देखने आएंगे स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति, 75 सदस्यीय दल रहेगा साथ
स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाय पार्मेलिन 6 अक्टूबर को 75 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का दौरा करेंगे। यह ...और पढ़ें
-1783435412676-1791046445311-1791046460162_m.webp)
स्विट्जरलैंड सरकार ने राष्ट्रपति गाय पार्मेलिन के भारत दौरे के कार्यक्रम में एयरपोर्ट का दौरा शामिल किया है। प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाय पार्मेलिन 6 अक्टूबर को जेवर एयरपोर्ट आएंगे।
75 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ एयरपोर्ट का दौरा करेंगे पार्मेलिन।
दिसंबर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होने की तैयारी में है एयरपोर्ट।
मनोज कुमार शर्मा, जेवर (ग्रेटर नोएडा)। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए छह अक्टूबर का दिन खास होगा। स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाय पार्मेलिन भारत दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को 75 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ जेवर पहुंचेंगे। सूत्रों के मुताबिक, स्विट्जरलैंड सरकार ने उनके भारत दौरे के कार्यक्रम में एयरपोर्ट का दौरा शामिल किया है। पार्मेलिन पांच से सात अक्टूबर तक भारत की राजकीय यात्रा पर रहेंगे।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की तैयारी
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का संचालन ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी की भारतीय कंपनी यापल कर रही है। ऐसे में स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति का जेवर एयरपोर्ट पहुंचना दोनों देशों के बीच कारोबारी संबंधों के साथ एयरपोर्ट परियोजना के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। खास बात यह है कि एयरपोर्ट से दिसंबर में अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की तैयारियां चल रही हैं। ऐसे समय में राष्ट्रपति का दौरा एयरपोर्ट के लिए महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।
यात्री और कार्गो टर्मिनल देखेंगे
सूत्रों के मुताबिक गाय पार्मेलिन आधुनिक तकनीक और स्विस इंजीनियरिंग से तैयार यात्री टर्मिनल का दौरा करेंगे। इसके अलावा वह कार्गो टर्मिनल की व्यवस्थाओं को भी देखेंगे। दौरे के दौरान एयरपोर्ट के संचालन, यात्री सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी प्रतिनिधिमंडल को दी जाएगी।
मोदी-मुर्मु से भी करेंगे मुलाकात
गाय पार्मेलिन पांच अक्टूबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इस दौरान भारत और स्विट्जरलैंड के बीच आर्थिक संबंध, भारत में स्विस निवेश, शिक्षा, शोध, नवाचार और प्रवासन समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी। स्विट्जरलैंड सरकार के अनुसार भारत में 330 से अधिक स्विस कंपनियां काम कर रही हैं।
टीईपीए की पहली वर्षगांठ भी खास
पार्मेलिन का भारत दौरा भारत और यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (ईएफटीए) के बीच व्यापार एवं आर्थिक साझेदारी समझौते (टीईपीए) की पहली वर्षगांठ के मौके पर हो रहा है। समझौता एक अक्टूबर 2025 को लागू हुआ था। सात अक्टूबर को भारत-ईएफटीए समृद्धि शिखर सम्मेलन होगा। इसमें सरकार और कारोबारी जगत के प्रतिनिधि निवेश और नए सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।
