सुप्रीम कोर्ट में नोएडा स्पोर्ट्स सिटी के तीन मामलों की सुनवाई की तारीखें तय, नियुक्त हुए 3 नोडल वकील
सुप्रीम कोर्ट नोएडा की स्पोर्ट्स सिटी से जुड़े तीन मामलों की सुनवाई दिसंबर और जनवरी 2027 में अलग-अलग करेगा। यह निर्णय आवंटियों की याचिकाओं पर लिया गया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
सुप्रीम कोर्ट में स्पोर्ट्स सिटी के तीन मामलों की सुनवाई।
दिसंबर और जनवरी 2027 में अलग-अलग तारीखों पर सुनवाई।
आवंटियों की याचिका पर लिया गया यह महत्वपूर्ण निर्णय।
जागरण संवाददाता, नोएडा। स्पोर्ट्स सिटी मामलों की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में अलग-अलग होगी। स्पोर्ट्स सिटी सेक्टर-150 एसी-2, सेक्टर-150-एससी-1 और स्पोर्ट्स सिटी सेक्टर-78-79 तीनों की सुनवाई दिसंबर से होगी।
सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई की तारीखें भी निर्धारित कर दी हैं। अदालत ने इन मामलों को तीन श्रेणियों में बांटते हुए सुनवाई को निर्धारित किया है।
इन 3 तारीखों पर होगी सुनवाई
पहली सुनवाई 9 दिसंबर, दूसरी 16 दिसंबर और तीसरी 20 जनवरी 2027 को होगी। सुप्रीम कोर्ट ने यह निर्णय एमएस लोटस ग्रीन कंस्ट्रक्शंस प्राइवेट लिमिटेड बनाम उत्तर प्रदेश सरकार व अन्य से जुड़े मामले सहित कई विशेष अनुमति याचिकाओं पर लिया।
तीन नोडल वकीलों को मिली जिम्मेदारी
कोर्ट ने इस प्रक्रिया के लिए तीन नोडल वकील भी नियुक्त किए हैं। इसके साथ ही तीनों में क्रम के मुताबिक सुनवाई की तारीखें तय हुई हैं।
स्पोर्ट्स सिटी के आवंटियों ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के फरवरी-2025 में आदेश के बाद प्राधिकरण की ओर से लगाए गए प्रतिबंध को हटाने व हाई कोर्ट के आदेश को रद करने की मांग के साथ शीर्ष अदालत में याचिका दायर की थी।
सुप्रीम कोर्ट ने नवंबर 2025 में लोटस ग्रीन स्पोर्ट्स सिटी सेक्टर-150 में समाधान योजना को मंजूरी दी थी। फिर बाकी दो परियोजनाओं सेक्टर-150 के प्लाट नंबर-1 व सेक्टर-78-79 के लिए भी समाधान का मसौदा प्राधिकरण और बिल्डर ने तैयार किया था। इस क्रम में संशोधित लेआउट प्लान पर प्राधिकरण ने आपत्ति सुझाव मांगे हुए हैं।
