दीपावली पर ग्रेटर नोएडा ईस्ट में गहराएगा पानी का संकट, 20 अक्टूबर से बंद हो जाएगा गंगाजल
ग्रेटर नोएडा ईस्ट में दीपावली पर पानी का गहरा संकट छा सकता है क्योंकि ऊपरी गंगा नहर सफाई के लिए लगभग 15 दिन बंद रहेगी।

दीपावली पर गंगाजल का संकट होगा। फोटो: आर्काइव
HighLights
दीपावली पर ग्रेटर नोएडा ईस्ट में पानी का संकट
ऊपरी गंगा नहर 15 दिन के लिए बंद रहेगी
प्राधिकरण ने सफाई कार्य टालने का अनुरोध किया
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। दीपावली पर ग्रेटर नोएडा ईस्ट में पानी का संकट गहरा सकता है। ऊपरी गंगा नहर सफाई के लिए करीब 15 दिन बंद रहेगी। दीपावली तक आपूर्ति बहाल न होने की आशंका है।
आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका
इसको लेकर प्राधिकरण ने सिंचाई विभाग से सफाई का काम त्योहार के बाद करने की मांग की है। दरअसल, 20 अक्टूबर की मध्यरात्रि से नहर बंद होनी है। ऐसे में दो दिन में ही शहर में पानी की किल्लत शुरू हो जाएगी।
सात नवंबर की रात से नहर में पानी छोड़े जाने के बाद भी पाइपलाइन से सेक्टरों तक आपूर्ति में 2-3 दिन लगेंगे। दीपावली आठ नवंबर को है, इसलिए गंगाजल आपूर्ति प्रभावित होना तय है।
सिर्फ दो दिन का पानी रिजर्व
प्राधिकरण के पास अभी सिर्फ दो दिन का रिजर्व है। नहर बंद होने पर भूगर्भ जल पर निर्भरता बढ़ेगी और अधिक टीडीएस वाला पानी सप्लाई करना पड़ेगा।
ग्रेटर नोएडा में रोजाना करीब 210 एमएलडी पानी की आपूर्ति होती है, जिसमें 80 एमएलडी गंगाजल मिलाया जाता है। ग्रेनो ईस्ट की सोसायटियों में 90 प्रतिशत तक गंगाजल की आपूर्ति है।
कई सेक्टरों में पानी की किल्लत
इसका सबसे अधिक असर सूरजपुर, सेक्टर अल्फा, बीटा, गामा, स्वर्णनगरी, जेपी ग्रींस, ओमिक्रान, ओमेगा और नालेज पार्क में होगा।
वरिष्ठ प्रबंधक गंगाजल चेतराम सिंह ने बताया कि सिंचाई विभाग को पत्र भेजा गया है। गंगाजल बंद होने पर ट्यूबवेल से अधिक क्षमता पर आपूर्ति कराई जाएगी।
यह भी पढ़ें- नोएडा में पीने के पानी का संकट, 21 अक्टूबर से 25 दिन नहीं आएगा गंगाजल; प्राधिकरण ने शुरू की तैयारी
