दादरी क्षेत्र में छह आरओबी का होगा निर्माण
संवाद सहयोगी दादरी प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को गौतमबुद्ध नगर के दादरी शहर के लोगों को बड़ी सौगात दी। उप मुख्यमंत्री ने दादरी क्षेत्र में दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक पर करीब 444 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले छह रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का शिलान्यास लखनऊ से किया। इस दौरान दादरी के विधायक मास्टर तेजपाल नागर मेरठ स्थित उत्तर प्रदेश लोक निर्माण निगम के चीफ डिवीजन कार्यालय पर मौजूद रहे। इन सभी आरओबी का निर्माण उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम व लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जाएगा।
संवाद सहयोगी, दादरी : प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को गौतमबुद्ध नगर के दादरी शहर के लोगों को बड़ी सौगात दी। उप मुख्यमंत्री ने दादरी क्षेत्र में दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक पर करीब 444 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले छह रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का शिलान्यास लखनऊ से किया। इस दौरान दादरी के विधायक मास्टर तेजपाल नागर मेरठ स्थित उत्तर प्रदेश लोक निर्माण निगम के चीफ डिवीजन कार्यालय पर मौजूद रहे। इन सभी आरओबी का निर्माण उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम व लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जाएगा।
विधायक ने बताया कि दादरी शहर के विकास में ग्रेटर नोएडा व दादरी के बीच रेलवे लाइन पर ओवरब्रिज न होना बड़ी बाधा थी। इस कारण नोएडा व ग्रेटर नोएडा के लोगों को दादरी तक आने-जाने में रेलवे फाटक पर जाम की समस्या से जूझना पड़ता था। आरओबी के निर्माण के बाद लोगों को जाम से राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि दो लेन का आरओबी का निर्माण मायचा गांव के पास होगा और दो लेन का आरओबी मायचा-अजायबपुर मार्ग पर बनाया जाएगा। इसके अलावा रायपुर बांगर-अजायबपुर मार्ग व दो लेन का आरओबी रामगढ़-घोड़ी बछेड़ा गांव के बीच बनेगा। एक अन्य चार लेन का आरओबी चिपियाना गांव के पास बनाया जाएगा। इन सभी पर करीब 444 करोड़ रुपये खर्च आएगा। उन्होंने बताया कि सभी आरओबी बनने के बाद क्षेत्र की जनता के साथ उद्यमियों को लाभ मिलेगा। इन सभी आरओबी के निर्माण के बाद ग्रेटर नोएडा, नोएडा की तरह ही दादरी क्षेत्र का विकास हो सकेगा। तेजपाल नागर ने क्षेत्र की जनता को यह सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व उप मुख्यमंत्री का आभार जताया है।
इस मौके पर विधायक के साथ उप्र ब्रिज कारपोरेशन के महाप्रबंधक आशीष श्रीवास्तव, संजीव भारद्वाज, शशि भूषण समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।