Ramayana फिल्म के शो के दौरान प्रोजेक्टर रूम में शॉर्ट सर्किट, ग्रेटर नोएडा के मॉल में मची अफरा-तफरी
ग्रेटर नोएडा के गैलेक्सी ब्लू सफायर मॉल में रामायण फिल्म के शो के दौरान प्रोजेक्टर रूम में शॉर्ट सर्किट से धुआं फैल गया, जिससे दर्शकों में अफरा-तफरी मच गई।
HighLights
रामायण फिल्म शो के दौरान प्रोजेक्टर रूम में शॉर्ट सर्किट।
ग्रेटर नोएडा के गैलेक्सी ब्लू सफायर मॉल में घटना हुई।
दर्शकों में अफरा-तफरी मची, कोई जनहानि नहीं हुई।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित गैलेक्सी ब्लू सफायर मॉल के यूएस सिनेमा में गुरुवार शाम रामायण फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान प्रोजेक्टर रूम में शॉर्ट सर्किट हो गया। इससे धुआं फैलते ही दर्शकों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक बिसरख क्षेत्र के मॉल स्थित यूएस सिनेमा के ऑडिटोरियम नंबर-10 में शाम करीब 7:30 बजे शो चल रहा था। उसी दौरान प्रोजेक्टर रूम में शॉर्ट सर्किट से तार गर्म हो गए और धुआं निकलने लगा। प्रोजेक्टर से धुआं आता देख हॉल में मौजूद करीब 25 दर्शक घबरा गए।
ऑडिटोरियम तुरंत कराया खाली
सिनेमा प्रबंधन ने तत्काल शो रोक कर ऑडिटोरियम खाली कराना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद स्टाफ ने अग्निशमन यंत्र से तारों में लगी आग को शुरुआती स्तर पर ही बुझा दिया। इसके बाद हॉल में मौजूद 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
एहतियात के तौर पर सिनेमा के तीन ऑडिटोरियम में स्क्रीनिंग रोक दी गई। सूचना पर फायर सर्विस की टीम और बिसरख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है।
टिकट की रकम लौटाई
शो बीच में रुकने से दर्शकों को असुविधा हुई। सिनेमा प्रबंधन ने सभी प्रभावित दर्शकों की टिकट की रकम वापस कर दी। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से तार गर्म होने के कारण धुआं निकलने की बात सामने आई है।