किसानों की महापंचायत में पहुंचे राजनीतिक दलों के नेता
संवाद सहयोगी, दादरी : दादरी तहसील क्षेत्र में हाइटेक सिटी बिल्डर के विरोध में रविवार को कचैड़ा गां
संवाद सहयोगी, दादरी : दादरी तहसील क्षेत्र में हाइटेक सिटी बिल्डर के विरोध में रविवार को कचैड़ा गांव में आयोजित महापंचायत में सीपीआइएम, सपा, बसपा, कांग्रेस, रालोद समेत कई राजनैतिक दलों के नेता किसानों के समर्थन में पहुंचे। सभी नेताओं ने जेल में बंद किसानों की बिना शर्त रिहाई व बिल्डर और किसानों को बीच पूर्व में हुए समझौते को अविलंब लागू करने की मांग की। महापंचायत में प्रभावित गांवों के सैकड़ों किसान, महिलाएं व बच्चे शामिल हुए। सभी नेताओं ने ग्रामीणों की इस लड़ाई में उनका समर्थन देने का आश्वासन दिया।
महापंचायत को संबोधित करते हुए सपा के राज्य सभा सदस्य सुरेंद्र नागर ने कहा कि निर्दोष किसानों को जेल भेजा गया। किसान अपना हक मांग रहे थे। किसानों को जेल से बिना शर्त रिहा किया जाए और उनकी फसल का उचित मुआवजा दिया जाए। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की वरिष्ठ नेता वृंदा करात ने कहा कि किसानों की फसल उजाड़ी गई। उनके साथ हुए समझौते को लागू नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को गोद की नहीं विकास की जरूरत है। किसानों के संघर्ष में पार्टी उनके साथ है। महापंचायत को संबोधित करते हुए धौलाना विधानसभा से बसपा विधायक मोहम्मद असलम चौधरी ने कहा कि किसान अपनी मांगों को लेकर बिल्डर का विरोध कर रहे थे, उन्हें जेल भेजा गया। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र नागर ने कहा कि भाजपा किसान विरोधी पार्टी है। किसान व मजदूर परेशान हैं। आने वाले लोकसभा चुनाव में जनता सबक सिखाएगी। इस मौके पर रालोक के प्रदेश सचिव ओडी त्यागी, जिलाध्यक्ष जनार्दन भाटी, हरिओम, मनोज गुर्जर, अजित दौला, कांग्रेस नेता मनोज चौधरी, सपा के वरिष्ठ नेता राजकुमार भाटी, पूर्व जिलाध्यक्ष फकीरचंद नागर, किसान नेता पीतांबर शर्मा, आकाश नागर, राजकुमार आदि मौजूद रहे।