पीएनबी ग्रेटर नोएडा धोखाधड़ी: दीपांशी और आशुतोष पाठक मुख्य आरोपी, विदेश भागने की फिराक में
ग्रेटर नोएडा के ऐच्छर गांव स्थित पीएनबी बैंक में खाताधारकों की रकम हेरफेर मामले में चपरासी दीपांशी और आशुतोष पाठक ...और पढ़ें

ग्रेटर नोएडा पीएनबी घोटाला मामला। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। बीटा दो कोतवाली अंतर्गत ऐच्छर गांव में संचालित पंजाब नेशनल बैंक से खाताधारकों की रकम हेरफेर के मामले में चपरासी दीपांशी और आशुतोष पाठक को मुख्य आरोपित बताया गया है। जांच में सामने आया कि दीपांशी और आशुतोष पाठक की मुलाकात करीब छह साल पहले दादरी की दौलत राम कालोनी में हुई थी।
दीपांशी के चाचा के मकान में आशुतोष किराये पर रहता था। इसी दौरान दोनों के बीच संपर्क बढ़ा। बताया गया है कि आशुतोष कारोबार शुरू करने के नाम पर दीपांशी से आर्थिक मदद मांगता था।
जांच एजेंसियां दोनों के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और चैट की जांच कर रही हैं। दोनों के विदेश भागने की फिराक में होने और पासपोर्ट बनवाने की तैयारी की बात भी जांच में सामने आई है। एजेंसियां इस संबंध में जानकारी जुटा रही हैं।
मामले में पुलिस अब बैंक प्रबंधन से मिलने वाली जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाएगी। पुलिस ने बैंक पत्र लिखकर मामले से जुड़ी जानकारी और विभागीय जांच रिपोर्ट मांगी है। हालांकि, अब तक बैंक की ओर से पुलिस को रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि बैंक का जवाब मिलने के बाद जांच की दिशा और आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
उधर, शुक्रवार को भी बैंक की ओर से कई खाताधारकों के खातों में रकम वापस की गई। हालांकि, अभी सात से आठ खाताधारकों को अपनी पूरी धनराशि मिलने का इंतजार है।
दीपावली से पहले रकम वापस नहीं मिलने के कारण खरीदारी और जरूरी खर्चों की योजना भी प्रभावित हो रही है। बैंक प्रबंधन ने शनिवार तक रकम लौटाने का आश्वासन दिया है। खाताधारकों को अब इसका इंतजार है।