विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्रेटर नोएडा PNB घोटाला: फंड हेरफेर मामले में अब तक 35 शिकार, निलंबित 6 बैंक कर्मी फोन बंद कर फरार

Published: Sat, 31 Oct 2026 04:23 PM (IST)

ग्रेटर नोएडा के ऐच्छर गांव स्थित पीएनबी शाखा में खाताधारकों की धनराशि हेरफेर के मामले में पीड़ितों की संख्या 35 ...और पढ़ें

ग्रेटर नोएडा पीएनबी घोटाला। AI जनरेटेड इमेज

ग्रेटर नोएडा पीएनबी घोटाला। AI जनरेटेड इमेज

HighLights

  1. पीएनबी ऐच्छर शाखा में 35 खाताधारक धोखाधड़ी के शिकार।

  2. 20 करोड़ से अधिक की धनराशि का हेरफेर उजागर।

  3. 6 निलंबित बैंककर्मी फरार, जांच का दायरा बढ़ा।

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के बीटा दो कोतवाली अंतर्गत ऐच्छर गांव में संचालित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में खाताधारकों की धनराशि हेरफेर के मामले में पांच और पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है। अब पीड़ितों की संख्या 35 हो गई है।

प्रकरण में खाताधारकों की धनराशि हेरफेर करने में निलंबित किए गए छह आरोपित बैंक कर्मियों के नाम भी सामने आए हैं। फिलहाल सभी आरोपी मोबाइल फोन बंद कर घरों से फरार बताए जा रहे हैं।

जांच का दायरा बढ़ा

बताया जा रहा है कि जांच का दायरा बढ़ता जा रहा है। इसके चलते आरोपी कर्मियों की उक्त शाखा में तैनाती के दिन से निलंबन की तारीख तक उनके पलट से किए गए लेन-देन से संबंधित कागजात खंगाले जा रहे हैं।

उधर, बैंक प्रबंधन ने सभी पीड़ितों की पूरी धनराशि वापस किए जाने का भरोसा देते हुए धैर्य बनाए रखने की अपील की है।

जमकर हंगामा किया

बता दें ऐच्छर में संचालित पीएनबी की बैंक शाखा में बड़ी संख्या में जमाराशि और एफडी तोड़ कर धनराशि हेरफेर करने को लेकर खाताधारकों ने किसान संगठन के साथ परिसर में को जमकर हंगामा किया था।

मामला संज्ञान में आते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत किया था। अगले दिन 21 खाताधारकों की करीब 10 करोड़ रुपये हेरफेर की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की थी। बृहस्पतिवार को नौ और शुक्रवार को पांच और खाताधारकों ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।

गड़बड़ी की भनक लग गई

इसके साथ ही पीड़ित खाताधारकों की संख्या 35 और हेरफेर की गई धनराशि 20 करोड़ से ऊपर पहुंच गई है। सूत्रों का कहना है कि बैंक प्रबंधन को काफी पहले ही गड़बड़ी की भनक लग गई थी।

इसके चलते विभागीय विजिलेंस से जांच कराने के बाद सीबीआइ को प्रकरण सौंपते हुए छह आरोपी बैंककर्मियों को निलंबित कर केस दर्ज करा दिया था। इसके चलते सीबीआइ भी जांच कर रही है।

मोबाइल नंबर भी बंद

इधर, पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर विवेचना शुरू की है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि जांच में छह निलंबित कर्मियों के नाम भी सामने आए हैं। इनकी पहचान निशा, संदीप, मीनाक्षी, सतीश, शैलेंद्र और लल्ली के रूप में हुई है। फिलहाल सभी फरार हैं, उनके मोबाइल नंबर भी बंद हैं। वहीं प्रकरण के तीन दिन बीत जाने के बाद शुक्रवार को एलडीएम भी बैंक शाखा पहुंचे।

उन्होंने बताया कि फिलहाल मामले की जानकारी के लिए आए हैं। अभी कुछ भी बता पाना संभव नहीं है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया अभी पीड़ित खाता धारक सामने आ रहे हैं। उनकी शिकायतों को दर्ज किया जा रहा है। जांच पूरी होने पर ही कुछ बताया जा सकेगा।

यह भी पढ़ें- पीएनबी बैंक धोखाधड़ी: 4 करोड़ रुपये के घोटाले में दो पूर्व अधिकारियों को 3 साल की सजा, CBI कोर्ट ने दिया फैसला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।