नोएडा में बनेगा 6 लेन का अंडरपास, FNG रोड पर जाम से मिलेगी राहत; फरीदाबाद-गाजियाबाद सफर होगा सुपरफास्ट
नोएडा में एफएनजी मार्ग पर पर्थला केबल सस्पेंशन ब्रिज के नीचे 84 करोड़ रुपये की लागत से छह लेन का ...और पढ़ें

नोएडा में पर्थला चौक पर बन रहा 6 लेन का अंडरपास। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, नोएडा। फरीदाबाद-नोएडा-गाजियाबाद (एफएनजी) मार्ग पर पर्थला स्थित केबल सस्पेंशन ब्रिज के नीचे अंडरपास बनाने की प्रक्रिया जल्द आगे बढ़ेगी। अगले सप्ताह तक इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार हो जाएगी।
प्राधिकरण ने अंडरपास का डिजाइन तैयार कर लिया है। इसकी जांच आईआईटी दिल्ली से कराई जाएगी। जांच के बाद परियोजना का आकलन स्पष्ट होगा और मिट्टी की जांच सहित अन्य काम किए जाएंगे।
84 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा अंडरपास
अंडरपास 84 करोड़ रुपये की लागत से छह लेन का बनाया जाएगा। काम शुरू होने के बाद इसे पूरा करने में करीब डेढ़ साल लगेगा। इसकी कुल लंबाई लगभग 710 मीटर होगी। दोनों दिशाओं में तीन-तीन लेन रहेंगी।
निर्माण में 110 मीटर लंबा आरसीसी बॉक्स, 20 मीटर का खुला हिस्सा और दोनों ओर 280-280 मीटर लंबे पहुंच मार्ग शामिल होंगे। वर्षा के दौरान जलभराव से बचाव के लिए दो संप और पंपिंग व्यवस्था भी बनाई जाएगी।
कई प्रमुख मार्गों से जुड़ेगी बेहतर कनेक्टिविटी
पर्थला से गाजियाबाद, एनएच-9, मेरठ एक्सप्रेसवे और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के लिए यातायात जुड़ता है। भविष्य में फरीदाबाद की ओर जाने वाले मार्ग से भी कनेक्टिविटी बढ़ेगी। इस कारण यहां दिनभर वाहनों का दबाव रहता है और व्यस्त समय में जाम की स्थिति गंभीर हो जाती है।
चार सेक्टरों समेत आसपास के लोगों को लाभ
महाप्रबंधक सिविल एके अरोड़ा ने बताया कि अंडरपास बनने से सेक्टर-66, 71, 121 और 122, किसान चौक, छिजारसी तथा आसपास के क्षेत्रों के लोगों को सुविधा मिलेगी। बेहतर कनेक्टिविटी से यात्रा समय घटने और सड़क सुरक्षा में सुधार की उम्मीद है।
