पहले दिन 15 पक्षी प्रेमी पहुंचे ओखला पक्षी विहार
जागरण संवाददाता नोएडा कोरोना महामारी के बाद से बंद ओखला पक्षी विहार के दरवाजे मंगलवा
जागरण संवाददाता, नोएडा :
कोरोना महामारी के बाद से बंद ओखला पक्षी विहार के दरवाजे मंगलवार को पर्यटकों के लिए फिर से खुल गए। पक्षी विहार में पक्षियों को देखने के लिए 15 से अधिक लोग पहुंचें। सभी ने मास्क व शारीरिक दूरी का पालन करके पक्षी विहार का भ्रमण किया।
प्रभागीय वनाधिकारी प्रमोद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि ओखला पक्षी विहार में मंगलवार को पहुंचे लोगों को शरीर के तापमान की जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। उन्हें भ्रमण के दौरान कोविड-19 से बचाव संबंधित सभी नियमों का पालन करने के दिशा-निर्देश दिए। लोगों की जागरूकता के लिए पक्षी विहार में जगह-जगह बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं। लॉकडाउन से पूर्व प्रतिदिन यहां 500 से ज्यादा भारतीय व विदेशी पर्यटक सैर करने के लिए पहुंचते थे। पर्यटकों के लिए मूलभूत सुविधाएं भी मौजूद हैं। पक्षी विहार पांच हजार वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। यहां प्रतिवर्ष साइबेरिया, नार्थ अमेरिका, ग्रेट ब्रिटेन, कोलंबिया, कनाडा, यूरोप, अफ्रीका, मिडिल नॉर्थ अमेरिका, जापान, ईस्ट चाइना, नीदरलैंड समेत विभिन्न देशों से 8 हजार किलोमीटर की दूरी तय कर विदेशी पक्षी पहुंचते हैं। विदेशी प्रजातियों में यहां सबसे ज्यादा नॉर्दन शॉवलर, कॉमन टील, यूरेशियन कूट, गडवाल, ग्रेलेग गूज, यूरेशियन स्पूनबिल, साइबेरियन क्रेन समेत 64 विभिन्न प्रजातियों के पक्षी हजारों की संख्या में दल बनाकर आते हैं।