विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोएडा के 8 सेक्टरों में पानी का संकट, 50 हजार लोग परेशान; आधे घंटे में भर रही एक बाल्टी

Published: Wed, 28 Oct 2026 08:10 AM (IST)

नोएडा के आठ से अधिक सेक्टरों में पानी का गंभीर संकट गहरा गया है, जिससे 50 हजार से ज्यादा लोग ...और पढ़ें

नोएडा के क्रमश: (बाएं से दाएं) सेक्टर 71 और सेक्टर 11 के एच ब्लाॅक में बूंद-बूंद पानी आने से लोग परेशान हैं। जागरण

नोएडा के क्रमश: (बाएं से दाएं) सेक्टर 71 और सेक्टर 11 के एच ब्लाॅक में बूंद-बूंद पानी आने से लोग परेशान हैं। जागरण

HighLights

  1. नोएडा के 8 सेक्टरों में गंभीर पानी संकट।

  2. 50 हजार से अधिक लोग प्रभावित, दैनिक कार्य बाधित।

  3. गंगनहर सफाई से आपूर्ति बाधित, दीपावली तक समाधान।

स्वाति भाटिया, नोएडा। शहर के आधा दर्जन से अधिक सेक्टरों में पानी का संकट अब गंभीर रूप ले चुका है। सेक्टर-71 के ग्रीन एवेन्यू बी ब्लॉक से लेकर सेक्टर-11, 12, 22, 23, 52, 99 और 122 तक हजारों परिवार पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं।

हालात ऐसे हैं कि ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाले लोगों को भी एक बाल्टी पानी भरने के लिए आधे घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है। अनुमानित तौर पर 50 हजार से अधिक लोग इस संकट से प्रभावित हैं। घरों में रोजमर्रा के कामकाज से लेकर पीने के पानी तक के लिए लोगों को जूझना पड़ रहा है।

निचली मंजिलों पर भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा

समस्या बढ़ने के साथ बोतलबंद पानी की उपलब्धता को लेकर भी परेशानी सामने आने लगी है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर कब तक लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए परेशान होते रहेंगे। सेक्टरवासियों के मुताबिक, पिछले कई दिनों से पानी की आपूर्ति बेहद कम हो रही है। कम दबाव के कारण ऊपरी मंजिलों तक पानी पहुंचना मुश्किल हो रहा है, वहीं निचली मंजिलों पर भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।

स्थायी समाधान के लिए उठा रहे कदम

स्थानीय निवासियों का कहना है पानी की कमी से खाना बनाने, नहाने, कपड़े धोने और दूसरे जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि त्योहार के समय इस तरह की किल्लत ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। निवासियों ने फोनरवा और संबंधित आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों से भी सवाल करने शुरू कर दिए हैं कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस कदम कब उठाए जाएंगे।

गंगनहर की सफाई से प्रभावित हुई आपूर्ति

नोएडा प्राधिकरण के जल एवं सीवर विभाग के महाप्रबंधक आरपी सिंह के मुताबिक, गंगनहर की सफाई के चलते पानी की आपूर्ति में दिक्कत आ रही है। विभागीय स्तर पर समस्या दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली से गंगाजल की आपूर्ति चालू हो जाएगी। हालांकि, फिलहाल लोगों को राहत मिलने का इंतजार है और प्रभावित सेक्टरों में वैकल्पिक व्यवस्था की जरूरत बनी हुई है।

समाधान की कर रहे तलाश

पानी की समस्या को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस संबंध में सीईओ के साथ बैठक करने का फैसला लिया गया है, ताकि सेक्टरवासियों को राहत दिलाने का समाधान निकाला जा सके।

-योगेंद्र शर्मा, अध्यक्ष फोनरवा।

अधिकारियों से लगातार बातचीत की जा रही है। जरूरत पड़ने पर पानी के टैंकर मंगवाए जा रहे हैं और प्राधिकरण अधिकारियों से मुलाकात की तैयारी है।

-अनुज गुप्ता, अध्यक्ष, आरडब्ल्यूए, सेक्टर 11

विभागीय अधिकारियों को लगातार पत्र लिखने के साथ फोन पर भी शिकायत की जा रही है। जरूरत के मुताबिक टैंकर मंगवाए जा रहे हैं।

-ऋषिपाल सिंह अवाना, अध्यक्ष सेक्टर 99

अधिकारियों से कई दिनों से बातचीत चल रही है। समस्या ज्यादा होने के कारण अब उनसे मुलाकात कर स्थायी समाधान की मांग की जाएगी।

-शिवकुमार तिवारी, अध्यक्ष सेक्टर 122

यह भी पढ़ें- सुपरटेक के हजारों खरीदारों को कब मिलेगा घर? सुप्रीम कोर्ट ने जताई नाराजगी; NBCC भी जिम्मेदारी नहीं निभा पा रहा

यह भी पढ़ें- अटके प्रोजेक्ट्स पर NCLAT का सख्त रुख, सुपरटेक की 16 परियोजनाओं को पूरा करने की मांगी समय-सीमा