विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोएडा में वेतन वृद्धि की मांग पर घरेलू सहायिका और सफाईकर्मियों का हंगामा, सड़क जाम और किया पथराव

Published: Tue, 14 Apr 2026 10:37 PM (IST)

नोएडा में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर क्लियो काउंटी सोसायटी की घरेलू सहायिकाओं और केपटाउन सोसायटी के सुरक्षा व ...और पढ़ें

नोएडा में घरेलू सहायिकाओं और सफाईकर्मियों का प्रदर्शन।

नोएडा में घरेलू सहायिकाओं और सफाईकर्मियों का प्रदर्शन।

HighLights

  1. घरेलू सहायिकाओं और सफाईकर्मियों ने वेतन वृद्धि की मांग की।

  2. प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम की, पथराव और तोड़फोड़ भी हुई।

  3. पुलिस ने 20 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।

जागरण संवाददाता, नोएडा। वेतन वृद्धि की मांग पर हिंसक झड़प, तोड़फोड़, आगजनी के बाद मंगलवार की सुबह सेक्टर-121 स्थित क्लियो काउंटी सोसायटी की घरेलू सहायिकाएं और सेक्टर-74 में केपटाउन सोसायटी के सुरक्षा व सफाई कर्मियों ने हंगामा किया। लोगों ने गेट बंद कर नारेबाजी की, कॉलोनी से बाहर निकालकर सड़क जाम के दौरान पथराव भी किया। एक बस का शीशा भी तोड़ दिया।

सूचना पर दौड़े पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़कर स्थिति को संभाला। पुलिस ने 20 से अधिक आरोपितों को पकडकर हिरासत में ले कर पूछताछ शुरू कर दी है। सेंट्रल जोन की डीसीपी ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

सुबह आठ बजे करीब घरेलू सहायिकाएं क्लियो काउंटी सोसायटी के गेट नंबर-दो पर एकत्रित होने लगीं। इनमें चार-पांच महिलाओं ने मुंह पर नकाब बांधा हुआ था। सभी अन्य घरेलू सहायिकाओं को अंदर नहीं जाने दे रही थीं। सुरक्षागार्डों ने काफी देर समझाया, लेकिन कोई नहीं मानी।

घरेलू सहायिकाओं ने सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया

इसके बाद नाराज घरेलू सहायिकाओं ने सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया। नारेबाजी और हंगामे की सूचना पर फेज-तीन थाने की पुलिस हरकत में आ गई। अर्धसैनिक बलों के जवान मौके पर पहुंचे और हंगामा व जाम लगा रहे प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी और भड़क गए।

उन्होंने एक निजी बस के शीशे तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास, लेकिन अर्धसैनिक बलों ने उन्हें वहीं रोक दिया। इस बीच पुलिस ने हंगामा करने वाले 20 से ज्यादा आरोपितों को हिरासत में लिया है। डीसीपी शैव्या गोयल ने बताया कि घरेलू सहायिकाओं ने केवल वेतन वृद्धि की मांग की थी। उन्हें समझाकर सड़क से हटा दिया गया। स्थिति नियंत्रण में एवं शांतिपूर्ण है।

सुरक्षा एवं सफाई कर्मियों भी गुस्साए, सड़क जाम का प्रयास 

सेक्टर-74 स्थित सुपरटेक केपटाउन सोसायटी के सामने सुरक्षा और सफाई कर्मचारियों ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने 12 घंटे की ड्यूटी के बदले मिल रहे कम वेतन की शिकायत करते हुए वेतनवृद्धि की मांग की। उन्होंने कहा कि महंगाई के इस दौर में यह वेतन घर चलाने के लिए पर्याप्त नहीं है।

प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम करने का भी प्रयास किया, जिससे स्थानीय यातायात प्रभावित हुआ। कर्मचारियों का आरोप है कि सोसायटी प्रबंधन उनकी मांगों को लगातार नजरअंदाज कर रहा है। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। कर्मचारी आगे भी संघर्ष जारी रखने की चेतावनी दे रहे हैं।

सोसायटी में दो शिफ्ट में 400 गार्ड हैं। 12-12 घंटे की नौकरी करते हैं। वेतन के रूप में करीब 15 हजार रुपये मिलता है। सोमवार की सुबह आठ बजे सुबह की शिफ़्ट में सुरक्षाकर्मी नौकरी पर पहुंचे तो वेतन बढ़ाने की मांग करने लगे। करीब दो घंटे तक हंगामा चला। करीब 10 बजे सुरक्षा और सफाईकर्मी अपनी ड्यूटी पर पहुंचे।

यह भी पढ़ें- नोएडा-गाजियाबाद के 21 लाख से अधिक श्रमिकों को मिलेगा बढ़े हुए वेतन का लाभ, 37 लाख से अधिक श्रमिक कार्यरत