नोएडा में 10,000 से ज्यादा वाहनों पर 70 करोड़ का टैक्स बकाया, 7 दिन में नहीं चुकाया तो गाड़ी होगी सीज
वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले परिवहन विभाग ने टैक्स बकायेदारों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू किया है। गौतमबुद्ध नगर ...और पढ़ें

परिवहन विभाग ने बकायदार वाहनों के खिलाफ शुरू किया अभियान। फोटो: एआई जनरेटेड
HighLights
परिवहन विभाग का टैक्स बकायेदारों के खिलाफ सख्त अभियान
गौतमबुद्ध नगर में 70 करोड़ रुपये का टैक्स बकाया है
31 मार्च तक भुगतान न करने पर वाहन होंगे सीज
जागरण संवाददाता, नोएडा। वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले परिवहन विभाग ने टैक्स बकायेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि तय समय सीमा के भीतर टैक्स जमा न करने वाले वाहन स्वामियों को डिफाल्टर घोषित किया जाएगा। इसके बाद उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी।
परिवहन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, गौतमबुद्ध नगर जिले में 10 हजार से अधिक वाहन मालिकों पर करीब 70 करोड़ रुपये का टैक्स बकाया है। इसमें व्यावसायिक वाहन, बस, ट्रक और अन्य कमर्शियल वाहनों के मालिक शामिल हैं, जिन्होंने लंबे समय से रोड टैक्स जमा नहीं किया है।
तेज किया गया चेकिंग अभियान
उप संभागीय परिवहन अधिकारी नंद कुमार ने बताया कि वित्तीय वर्ष 31 मार्च को समाप्त हो रहा है। ऐसे में बकाया वसूली के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
इसके तहत टीमों का गठन कर चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है। सड़कों पर लगातार वाहनों की जांच की जा रही है और टैक्स बकायेदारों को मौके पर ही नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
डिफाल्टरों पर होगी सख्त कार्रवाई
अधिकारियों ने बताया कि अगर इसके बाद भी बकाया राशि जमा नहीं की गई तो संबंधित वाहन को सीज करने, परमिट निलंबित करने और भारी जुर्माना लगाने जैसी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा डिफाल्टर घोषित होने पर वाहन स्वामियों को भविष्य में कई प्रशासनिक दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
एक अप्रैल से चलेगा विशेष अभियान
डिफाल्टरों पर नकेल कसने के लिए परिवहन विभाग की प्रवर्तन दल की टीम एक अप्रैल से विशेष अभियान चलाएगी। इस अभियान के तहत ऐसे बकायेदारों के वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए अलग-अलग बॉर्डर पर टीमें तैनात रहेंगी, जो समय-समय पर वाहनों का निरीक्षण करेंगी।
