विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोएडा सेक्टर-22 में चोरी कर भाग रहे बदमाश नाले में कूदे, लोगों ने घेरकर पकड़ा; किशोर पर किया पेचकस से हमला

Published: Fri, 30 Oct 2026 10:29 AM (IST)

नोएडा के सेक्टर 22 में चोरी कर भाग रहे दो बदमाशों को महिला और उसके बेटे ने देख लिया। पकड़ने ...और पढ़ें

HighLights

  1. नोएडा सेक्टर-22 में घर में चोरी का प्रयास।

  2. महिला के बेटे पर बदमाशों ने पेचकस से हमला किया।

  3. नाले में कूदकर भाग रहे दो बदमाश गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, नोएडा। सेक्टर 22 एच ब्लाॅक के एक घर में बुधवार को चोरी कर भाग रहे दो बदमाशों को महिला और उसके बेटे ने देख कर शोर मचा दिया। पकड़ने का प्रयास करने पर बदमाशों ने महिला के किशोर काे पेचकस मारा और पास से गुजर रहे नाले में कूदकर बचने का प्रयास किया, लेकिन स्थानीय लोगों ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़ित ने सेक्टर 24 थाने में केस दर्ज कराया। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

बदमाश ने पेचकस से हमला किया

नोएडा सेक्टर-22 एच ब्लाॅक में विकास कुमार परिवार संग रहते हैं। बुधवार को उनके बंद घर का ताला तोड़कर दो बदमाश अंदर घुस गए। नकदी व गहने चोरी करने लगे। इसी बीच विकास की पत्नी पूनम देवी घर पहुंची तो गेट खुला पड़ा था।

एक बदमाश घर के बाहर, जबकि दूसरा बदमाश अंदर था। शोर मचाने पर दोनों बदमाश भागने लगे। पूनम के उनके बेटे अनिक ने बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया। एक बदमाश ने पेचकस से हमला किया और उससे छूटकर भागने लगा।

नाले में कूदे दोनों बदमाश

पड़ोसी अमित, विनय, विकास आदि ने बदमाशों का 200 मीटर तक पीछा किया। खुद को घिरता देख बदमाश सेक्टर के बड़े नाले में कूद गए। शोर सुनकर काफी लोग मौके पर हो गए। घेराबंदी कर नाले में कूदे दोनों बदमाशों को पकड़ लिया। आरोपितों की पहचान दिल्ली भलस्वा जेजे कालोनी के अनिकेत व जहांगीरपुरी सिटी पार्क झुग्गी के अलाउद्दीन के रूप में हुई।

गिरफ्तार कर जेल भेजा

तलाशी लेने पर दोनों से 48 हजार रुपये, चांदी के गहने, आधार कार्ड आदि सामान मिला। पीड़ित के मुताबिक बदमाशों ने घर से सोने की अंगूठी, चांदी के करीब 550 ग्राम के गहने, नगदी आदि चोरी हुआ है। थाना प्रभारी उमेश चंद्र नैथानी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया। दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें- खातों से अचानक गायब हुई रकम... नोएडा में 350 PNB ग्राहकों की शिकायत पर हिला बैंकिंग सिस्टम, CBI जांच शुरू

यह भी पढ़ें- नोएडा की DCP बनने के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुईं IPS प्रीति यादव, कॉन्स्टेबल पिता की बेटी ने 22 साल में पास की UPSC