विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हड़ताल की मार: दो दिन में कूड़ाघर बने नोएडा के सेक्टर, घरों तक नहीं पहुंच रहीं कूड़ा गाड़ियां

Published: Wed, 03 Jun 2026 11:07 AM (GMT+05:30)

नोएडा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहर के कई सेक्टरों में कूड़े के ढेर लग गए हैं, जिससे डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण सेवा पूरी तरह प्रभावित हुई है।

सेक्टर 27 में कूड़े का ढेर। फोटो- जागरण

सेक्टर 27 में कूड़े का ढेर। फोटो- जागरण

HighLights

  1. नोएडा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से कूड़े के ढेर

  2. मृतक आश्रितों को नौकरी, वेतन वृद्धि मुख्य मांगें

  3. डोर-टू-डोर सेवा ठप, बीमारियों का खतरा बढ़ा

जागरण संवाददाता, नोएडा। स्मार्ट और मेट्रो सिटी के रूप में पहचान बना चुका नोएडा इन दिनों कूड़ा प्रबंधन की बदहाल व्यवस्था से जूझ रहा है। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर के अधिकांश सेक्टरों में कूड़े के ढेर लग गए हैं। डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण सेवा पूरी तरह प्रभावित होने से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है।

सोमवार से अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ और अखिल भारतीय सफाई मजदूर परिषद के बैनर तले करीब 1500 सफाई कर्मचारी सेक्टर-8 में हड़ताल पर बैठे हैं। कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया है, जिसका सीधा असर शहर की सफाई व्यवस्था पर दिखाई देने लगा है। कई सेक्टरों में दो दिनों से कूड़ा नहीं उठाया गया है, जिससे सड़क किनारे और कूड़ा संग्रहण स्थलों पर कचरे के ढेर लग गए हैं।

News Update - 2026-06-03T110559.517

सेक्टर 22 में कूड़े का ढेर

क्या हैं प्रमुख मांगें?

अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के नगर अध्यक्ष साधु मकवाना ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में मृतक 12 कर्मचारियों के आश्रितों को नौकरी देना और वेतन को ग्रेटर नोएडा के सफाई कर्मचारियों के समान करना शामिल है। उनका कहना है कि अब तक प्राधिकरण का कोई अधिकारी वार्ता के लिए नहीं पहुंचा है।

उधर, निवासियों का आरोप है कि कूड़ा उठाने के शुल्क बढ़ाए जाने के बावजूद व्यवस्था लगातार चरमराती जा रही है। एनवारी इन्फ्रास्ट्रक्चर कंपनी द्वारा संचालित डोर-टू-डोर सेवा हड़ताल के कारण ठप पड़ी है। गर्मी के मौसम में कूड़े के ढेर से दुर्गंध फैल रही है और बीमारियों का खतरा बढ़ने लगा है। लोगों ने प्राधिकरण से जल्द समाधान निकालकर सफाई व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।

दो दिनों से कूड़े वाले नहीं आ रहे हैं, कई लोगों ने कूड़े सड़क पर ही फेंकने शुरू कर दिए हैं जिससे जगह- जगह कूड़े के ढेर बन रहे हैं, गंदगी हो रही है।


-

-नितिन, सेक्टर 11 निवासी

शहर में जगह- जगह कूड़े का ढेर है, ऊपर से आवारा पशुओं ने भी गंदगी फैला रखी हैं। ऐसे में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


-

- ठाकुर नंद किशोर , सेक्टर 82 निवासी

सेक्टरों में गंदगी हैं, जहां देखों वहां कूड़े के ढेर है, कूड़ा उठाने के पैसों में बढ़ोतरी तो ये लोग करते जा रहे हैं लेकिन हर दो दिन में कर्मचारी हड़ताल पर रहते हैं काम नहीं हो रहा है।


-

-सुदर्शन अवस्थी, सेक्टर 22 निवासी

हमारी दो मांगे हैं मृतक कर्मचारियों के परिवार के सदस्यों को नौकरी दी जाए। दूसरी हमारा वेतन कम बढ़ाया गया है जबकि ग्रेटर नोएडा के कर्मचारियों का अधिक, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कर्मचारियों का वेतन बराबर हो , अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है इसलिए धरना जारी रहेगा।


-

- साधु मकवाना , नगर अध्यक्ष , अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।