शेयर बाजार में मोटा मुनाफा दिखाकर रिटायर्ड अधिकारी से 83 लाख की ठगी, 30% प्रॉफिट का दिखाया था ख्वाब
नोएडा में एक सेवानिवृत्त अधिकारी से साइबर ठगों ने शेयर बाजार में भारी मुनाफे का लालच देकर 83 लाख रुपये ...और पढ़ें
-1769161553994-1769619879341-1769619888607_m.webp)
झूठे ख्वाब दिखाकर सेवानिवृत्त अधिकारी से 83 लाख रुपये ठग लिए। प्रतीकात्मक तस्वीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, नोएडा। साइबर ठगों ने शेयर बाजार में निवेश करने के नाम पर सेक्टर 14 के रहने वाले सेवानिवृत्त अधिकारी से 83 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने वाट्सअप मैसेज कर 30 प्रतिशत तक मुनाफा होने का दावा किया। फिर 18 बार में रकम ट्रांसफर करा ली। मुनाफे समेत रकम निकलने पर पीड़ित को अपने साथ ठगी होने का अहसास हुआ। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
केपस्टोन इन एप डाउनलोड करा दी
नोएडा सेक्टर 14 में रहने वाले योगेंद्र मर्चेंट नेवी से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। वह शेयर बाजार में भी रूचि रखते हैं। 25 नवंबर को उनसे वाट्सअप मैसेज से कथित प्रेम प्रकाश वर्मा व अनिल ने संपर्क किया था। बातचीत होने पर प्रेमप्रकाश वर्मा ने खुद के मार्गदर्शन में निवेश करने पर 30 प्रतिशत तक लाभ होने का दावा किया था। योगेंद्र को इंडियन बुक स्टडी और ए-20 स्टडी ग्रुप से जोड़कर प्रशिक्षण दिया। उनके मोबाइल पर केपस्टोन इन एप डाउनलोड करा दी।
तब और रकम जमा करने को कहा
शुरुआत में 50 हजार रुपये का निवेश कराया तो साढ़े सात हजार रुपये का मुनाफा हुआ। ठगों ने योगेंद्र के बैंक खाते में रकम ट्रांसफर विश्वास दिलाया। फिर क्या था। जैसे-जैसे ठग कहते गए। वैसे-वैसे योगेंद्र करते गए। योगेंद्र ने 17 जनवरी तक 18 बार में करीब 83 लाख रुपये कई बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। योगेंद्र ने मुनाफे समेत रकम निकालनी चाही तो ठगों ने कर के रूप में और रकम जमा कराने को बोला।
ठगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा
शक होने पर पीड़ित ने रकम नहीं दी तो ठगों ने संपर्क तोड़ दिया। पीड़ित ने एनसीआरपी पोर्टल और साइबर क्राइम थाना पुलिस से शिकायत की। डीसीपी साइबर सुरक्षा शैव्या गोयल ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच कराई जा रही है। ठगी में संलिप्त बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही ठगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
अनजान के कहने पर नहीं करें रकम ट्रांसफर
डीसीपी साइबर सुरक्षा ने बताया कि साइबर ठग शेयर बाजार के निवेश के नाम पर ठग रहे हैं। अनजान के कहने पर रकम ट्रांसफर करने से बचें। ठगी होने पर तत्काल पुलिस से शिकायत करें। शुरुआती गोल्डन आवर में संपूर्ण जानकारी के साथ शिकायत करने से रकम फ्रीज होने की संभावना ज्यादा रहती है।
