राज्य कर विभाग की बड़ी कार्रवाई, रियल एस्टेट फर्म ने आईटीसी गड़बड़ी के बाद जमा किए 20 करोड़ रुपये
गौतमबुद्ध नगर में राज्य कर विभाग ने एक रियल एस्टेट फर्म द्वारा इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) के गलत इस्तेमाल का मामला पकड़ा है। जांच के बाद फर्म ने डीआरसी-तीन के माध्यम से 20.49 करोड़ रुपये जमा कराए हैं।

राज्य कर विभाग की कार्रवाई। फाइल फोटो - जागरण
HighLights
रियल एस्टेट फर्म द्वारा आईटीसी के गलत इस्तेमाल का खुलासा।
गौतमबुद्ध नगर में राज्य कर विभाग की विशेष जांच।
फर्म ने 20.49 करोड़ रुपये डीआरसी-तीन से जमा किए।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर में राज्य कर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा ने रियल एस्टेट क्षेत्र में कार्य करने वाली एक फर्म की जांच में इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) के गलत इस्तेमाल का मामला पकड़ा है।
विभागीय जांच में गड़बड़ी सामने आने के बाद संबंधित फर्म ने डीआरसी-तीन के माध्यम से 20.49 करोड़ रुपये जमा कराए हैं। मामले से जुड़े अन्य बिंदुओं पर विभाग की जांच अभी जारी है।
राज्य कर विभाग गौतमबुद्ध नगर जोन, नोएडा की ओर से कंस्ट्रक्शन एंड डेवलपमेंट आफ रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट के रूप में सेवाएं देने वाली फर्म की जांच की गई।
संभाग-बी ने यह कार्रवाई की
अपर आयुक्त राज्य कर गौतमबुद्ध नगर जोन नोएडा परीक्षित खटाना के निर्देश पर और एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-बी नोएडा संजय कुशवाहा के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान शाखा, राज्य कर संभाग-बी ने यह कार्रवाई की।
विभाग ने केंद्रीय क्षेत्राधिकार में पंजीकृत संबंधित फर्म के विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध डीलर 360 के आंकड़ों का विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि फर्म रियल एस्टेट क्षेत्र में वर्ष 2019 से लागू योजना के तहत काम कर रही थी।
आईटीसी क्लेम किया
इस योजना में पांच प्रतिशत की दर से बिना इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का लाभ लिए कर जमा करना अनिवार्य है।
आंकड़ों के विश्लेषण में पाया गया कि फर्म ने अपनी इनवर्ड सप्लाई पर आईटीसी क्लेम किया था।
इस आईटीसी को लगातार क्लेम कर जमा किया गया, लेकिन नियमानुसार उसे रिवर्स नहीं किया गया। इसके उलट कई महीनों में इसी आईटीसी के माध्यम से अपनी कर देयता का समायोजन भी किया गया।
विभाग ने 16 नवंबर 2026 को संबंधित फर्म की जांच की। जांच में विभाग की ओर से सामने लाई गई अनियमितताएं सही पाई गईं। इसके बाद फर्म ने 20.49 करोड़ रुपये डीआरसी-तीन के माध्यम से जमा कराए। विभाग का कहना है कि अन्य बिंदुओं पर जांच जारी है।