विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोएडा मेट्रो एक्वा लिंक लाइन का बदला रूट, लागत बढ़ी; बॉटेनिकल गार्डन बनेगा बड़ा इंटरचेंज

Published: Fri, 03 Jul 2026 09:08 PM (IST)Updated: Sat, 04 Jul 2026 07:42 AM (IST)

नोएडा मेट्रो की बॉटेनिकल से सेक्टर-142 एक्वा लिंक लाइन परियोजना का अलाइनमेंट बदल गया है, जिससे रूट 1 किमी और ...और पढ़ें

बॉटेनिकल से सेक्टर-142 से एक्वा लिंक लाइन परियोजना का अलाइमेंट बदल दिया है।

बॉटेनिकल से सेक्टर-142 से एक्वा लिंक लाइन परियोजना का अलाइमेंट बदल दिया है।

HighLights

  1. अलाइनमेंट बदलने से रूट 1 किमी और लागत ₹100 करोड़ बढ़ी।

  2. एक्वा लिंक लाइन ब्लू और मैजेंटा लाइन को ऊपर से पार करेगी।

  3. बॉटेनिकल गार्डन दिल्ली-एनसीआर मेट्रो का सबसे बड़ा इंटरचेंज बनेगा।

कुंदन तिवारी, नोएडा। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) की बॉटेनिकल से सेक्टर-142 से एक्वा लिंक लाइन परियोजना का अलाइमेंट बदल दिया है। यह बदलाव डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) फाइनल होने के बाद सेक्टर-44 के निवासियों की आपत्ति के बाद हुआ है। इसमें सेक्टर के अंदर से मेट्रो लाइन गुजारने पर आपत्ति जताई गई थी।

बदलाव से एक्वा मेट्रो की लिंक लाइन ब्लू लाइन मेट्रो को एक बार और मैजेंटा लाइन को दो बर ऊपर से गुजारेगी। इससे परियोजना का रूट एक किलोमीटर बढ़ गया है, लागत भी सौ करोड़ रुपये अधिक होने की संभावना है। परियोजना को चार वर्ष में पूरा किया जाएगा। करीब दो लाख लोगों को सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी।

इस परियोजना से ग्रेटर नोएडा सीधे तौर पर एनसीआर के शहरों से सीधा जुड़ जाएगा। लिंक लाइन बाटेनिकल गार्डन स्टेशन पर दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन (डीएमआरसी) की ब्लू लाइन (इलेक्ट्रानिक्स सिटी नोएडा सेक्टर-62 से दिल्ली द्वारका रूट) व मैजेंटा लाइन (बाटेनिकल गार्डन नोएडा से जनकपुरी रूट) से जुड़ेगी।

बता दें कि पहले यह रूट बाटेनिकल गार्डन पर ब्लू लाइन व मैजेंटा लाइन के आगे के हिस्से में बाटेनिकल गार्डन के अंदर से लाइन बननी थी, लेकिन अब इसका रूट बाटेनिकल गार्डन स्थित ब्लू लाइन मेट्रो के खत्म होने पर एक नया प्लेटफार्म या सेक्शन बनाया जाएगा।

ब्लू लाइन के किनारे-किनारे लिंक लाइन को गुजारा जाएगा

यहां से यह ब्लू लाइन के किनारे किनारे एक्वा मेट्रो की लिंक लाइन को गुजारा जाएगा और बॉटेनिकल गार्डन तक आएगी। यहां पर ब्लू लाइन को ऊपर से पार करेगी, सर्विस रोड पर मैजेंटा लाइन को पार कर आगे बढ़ेगी। इसके बाद बाटेनिकल गार्डन के किनारे से एमिटी चौकी की तरफ जाकर फिर से ओखला बर्ड सेंचुरी मेट्रो स्टेशन की ओर जाने वाली मैजेटा लाइन को ऊपर से पार कर सेक्टर-44 स्थित एमिटी इंटरनेशनल स्कूल के गेट नंबर चार के सामने ग्रीन बेल्ट पर पहुंचेगी, यहां पर पहला स्टेशन तैयार होगा।

यहीं से दायीं ओर मुड़कर सेक्टर-44 और नोएडा ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे 45 मीटर रोड को पार कर ग्रीन बेल्ट के रास्ते सेक्टर-142 की ओर चली जाएगी। इससे परियोजना का रूट 11.56 किलोमीटर से बढ़कर 12.56 किलोमीटर हो गया है, लागत 2254.35 करोड़ रुपये से बढ़कर 2354.35 करोड़ रुपये हो जाएगी।

निर्माण के लिए नौ कंपनियों ने दिखाई रूचि

एक्वा मेट्रो के विस्तार ग्रेटर नोएडा स्थित डिपो से बोड़ाकी तक और एक्वा लिंक लाइन रूट निर्माण के लिए परियोजना पर शुक्रवार एनएमआरसी प्रबंधन ने जारी टेंडर की तकनीकी विड खोली। इसमें नौ कंपनियों ने दावेदारी प्रस्तुत की है। इसमें लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड, रेल विकास निगम लिमिटेड, मिलन रोड बिल्डटेक एलएलपी, जे कुमार इंफ्रा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड, दिलीप बिल्डकान लिमिटेड, एफकान्स इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड, रणजीत बिल्डकान लिमिटेड, सेम इंडिया प्रोजेक्ट्स लिमिटेड, केईसी इंटरनेशनल लिमिटेड शामिल है, जिनके दस्तावेजों को तकनीकी परीक्षण किया जाएगा।

एनसीआर के शहरों में पहुंच होगी आसान

नया लिंक बनने से मैजेंटा और ब्लू लाइन के यात्रियों को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, नोएडा ग्रेनो एक्सप्रेसवे के सेक्टर, आइटी व कारपोरेट आफिस या ग्रेटर नोएडा जाने में फायदा मिलेगा। वर्तमान में नोएडा और ग्रेटर नोएडा आपस में एक्वा लाइन मेट्रो से कनेक्ट है। यह लाइन सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशन से ग्रेटर नोएडा डिपो तक है।

पूरा ट्रैक 29.707 किमी का है, लेकिन मुसाफिर को इस इंटरचेंज के लिए करीब 400 मीटर पैदल चलना पड़ता है। नए लिंक बनने से ऐसा नहीं होगा। अब यह दिक्कत समाप्त हो जाएगी। रूट के संचालन के साथ बाटेनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन नोएडा, ग्रेटर नोएडा मेट्रो का सबसे बड़ा इंटर चेंज होगा।

यहां से दिल्ली के द्वारका से नोएडा के सेक्टर-62 तक चलने वाली ब्लू लाइन और बाटेनिकल गार्डन से जनकपुरी तक जाने वाली मैजेंटा लाइन तक आने जाने में आसानी होगी। प्रवेश व निकासी प्वाइंट बाटेनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन से ही दिया जाए क्योंकि नए लिंक के लिए अलग से टोकन काउंटर बनाए जाएंगे।

मेट्रो कॉरिडोर पर आठ स्टेशन होंगे

मेट्रो कॉरिडोर पर बॉटेनिकल गार्डन, सेक्टर-44, सेक्टर-96 नोएडा प्रशासनिक भवन, सेक्टर-105, सेक्टर-108, सेक्टर-93, पंचशील बालक इंटर कालेज स्टेशन बनाए जाएंगे। कारिडोर का आखिरी स्टेशन सेक्टर-142 होगा जो कि पहले ही बनकर तैयार है। वहीं डिपो से बोड़ाकी तक दो स्टेशन जूनापत व बोड़ाकी तैयार होगा।

यह है एक्वा मेट्रो लाइन की स्थिति

परियोजना का नाम लाइन लंबाई (किमी) प्रस्तावित स्टेशनों की संख्या प्रस्तावित बजट (करोड़ ₹) प्रस्तावित राइडरशिप (दैनिक)
बॉटेनिकल गार्डन से सेक्टर-142 तक एक्वा लिंक लाइन मेट्रो परियोजना 1.256 8 2354.35 1.25 लाख
ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी रेलवे स्टेशन तक एक्वा मेट्रो रेल विस्तार 2.6 2 416 60 हजार

एक्वा मेट्रो विस्तार व लिंक लाइन निर्माण के लिए नौ कंपनियों ने आवेदन किया है, एक माह में काम अवार्ड कर दिया जाएगा। लिंक लाइन परियोजना में थोड़ा सा अलाइमेंट बदला है, अंदर के बजाए अब सेक्टर-44 के बाहर से मेट्रो गुजारी जाएगी। - कृष्णा करुणेश, प्रबंध निदेशक, नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन

यह भी पढ़ें- फ्रेट कॉरिडोर और गंगा एक्सप्रेसवे ने बदली हापुड़ की तस्वीर, वेयरहाउस हब बनने को तैयार