विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेस के खाने में मिले कीड़े तो सख्त हुआ आईआईटीटीएम प्रबंधन, अब छात्रों के साथ खाना खाएंगे शिक्षक

Published: Tue, 15 Sep 2026 07:34 PM (IST)

नोएडा के सेक्टर-62 स्थित भारतीय पाक कला संस्थान के हॉस्टल मेस में खाने में कीड़े मिलने की शिकायत के बाद ...और पढ़ें

चावल में कीड़े, दाल में मटन का टुकड़ा और सब्जी में इल्लियां मिलने से भड़क गए थे छात्र। फाइल फोटो

चावल में कीड़े, दाल में मटन का टुकड़ा और सब्जी में इल्लियां मिलने से भड़क गए थे छात्र। फाइल फोटो

HighLights

  1. नोएडा हॉस्टल मेस में खाने में कीड़े मिलने की शिकायतें।

  2. प्रबंधन ने शिक्षकों को छात्रों के साथ मेस में खाने को कहा।

  3. भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम।

चेतना राठौर, नोएडा। सेक्टर-62 स्थित भारतीय पाक कला संस्थान के हॉस्टल मेस के खाने में कीड़े मिलने की शिकायत के बाद संस्थान के प्रबंधन ने सख्त रुख अपनाया है। सूत्रों के मुताबिक, छात्रों की लगातार शिकायतों और मामले के सामने आने के बाद अब हाॅस्टल मेस के खाने की गुणवत्ता पर निगरानी बढ़ाने का फैसला लिया गया है। प्रबंधन ने शिक्षकों को निर्देश दिया है कि वे भी छात्रों के साथ हाॅस्टल मेस में खाना खाएंगे।

कई बार शिकायत करने पर भी नहीं हुई कार्रवाई

अब तक मेस में तैयार भोजन मुख्य रूप से छात्र ही करते थे। दैनिक जागरण में सोमवार को मेस के खाने में कीड़े मिलने की खबर प्रकाशित होने के बाद संस्थान प्रबंधन ने मामले का संज्ञान लिया। छात्रों का कहना है कि भोजन में कीड़े निकलना कोई नई समस्या नहीं है। आए दिन किसी न किसी छात्र की थाली में कीड़ा मिलने की शिकायत सामने आती रही है। छात्रों ने बताया कि मेस इंचार्ज से कई बार मौखिक शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।

गुणवत्ता पर देंगे ज्यादा ध्यान

इसके बाद छात्रों ने मामले की लिखित शिकायत भी की। छात्रों की शिकायत के बाद अब प्रबंधन ने मेस व्यवस्था को लेकर सख्ती दिखाई है। शिक्षकों को छात्रों के साथ खाना खाने के निर्देश दिए जाने को मेस की गुणवत्ता जांचने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इससे भोजन की साफ-सफाई और गुणवत्ता पर सीधे नजर रखने में मदद मिलेगी।

डायरेक्टर ने गंभीरता से लिया मामला

बता दें कि सेक्टर-62 स्थित भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन संस्थान (आईआईटीटीएम) के करीब 110 छात्र भी भारतीय पाक कला संस्थान के हॉस्टल में रह रहे हैं और इसी मेस में भोजन करते हैं। मेस के खाने की गुणवत्ता में खामियां सामने आने के बाद आईआईटीटीएम के डायरेक्टर प्रो. डाॅ. प्रशांत कुमार गौतम ने भी मामले को गंभीरता से लिया है।

बैठक में निकालेंगे पक्का समाधान

उन्होंने नोएडा कैंपस के नोडल आफिसर को मेस के खाने में सामने आई खामियों को दूर करने के निर्देश दिए हैं। मामले के बाद आईआईटीटीएम के सभी नोडल ऑफिसरों की बैठक शुक्रवार को ग्वालियर स्थित हेड आफिस में प्रस्तावित है। बैठक में हाॅस्टल के भोजन की गुणवत्ता के साथ-साथ छात्रों से जुड़ी अन्य अव्यवस्थाओं पर भी चर्चा की जाएगी।

यह भी पढ़ें- दाल में मटन के टुकड़े, चावल में कीड़े व सब्जी में परोस रहे इल्लियां; भारतीय पाक कला संस्थान का मामला पहुंचा मंत्रालय