विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोएडा में शराब विवाद के बाद पति ने नाले में लगाई छलांग, तलाश अभियान जारी

Published: Wed, 07 Oct 2026 11:27 PM (IST)

नोएडा के सेक्टर-81 में पत्नी से शराब पीने को लेकर हुए झगड़े के बाद एक युवक नाले में कूद गया। ...और पढ़ें

नोएडा में पत्नी से झगड़े के बाद पति ने नाले में लगाई छलांग।

नोएडा में पत्नी से झगड़े के बाद पति ने नाले में लगाई छलांग।

जागरण संवाददाता, नोएडा। सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास बुधवार शाम करीब पौने आठ बजे शराब पीने पर पत्नी से झगड़े के बाद 29 वर्षीय युवक नाले में कूद गया। लाेगों के शोर मचाने पर पत्नी ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर एसीपी प्रथम, सेक्टर-39 थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों ने पहुंचकर उसे तलाशना शुरू किया। घटना की गंभीरता को समझकर एसीपी ने एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को भी बुला लिया। रात साढ़े दस बजे तक युवक नाले में नहीं मिला।

मूलरूप से एटा जलेसर के ग्राम जैनपुरा निवासी रवि पुत्र विनोद हरौला में पत्नी के साथ रहते हैं। बुधवार शाम रवि का शराब पीने पर पत्नी से झगड़ा हो गया। दोनों में काफी ज्यादा झगड़ा बढ़ने पर स्थानीय लोगों ने उन्हें शांत करा दिया, लेकिन रवि गुस्से में बाहर निकलकर एनएसईजेड के नाले के पास पहुंच गए, जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटे तो स्वजन को चिंता सताने लगी।

बताया गया कि कुछ लोगों ने रवि को सेक्टर-81 में एनएसईजेड के पास खुले नाले में कूदते हुए देखा था। मौके पर भीड़भाड़ देखकर स्वजन भी पहुंच गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी कि युवक ने शराब पीने पर विवाद के बाद नाले में छलांग लगा दी है। थाना प्रभारी डीपी शुक्ला और एसीपी प्रथम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

दिल्ली की ओर से आने नाले में काफी मलबा और पानी होने के कारण टीम को तलाशी में रवि का कुछ पता नहीं चला। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों ने खुले नाले के पास कोई चेतावनी बोर्ड नहीं लगाया हुआ है। वहीं घटनास्थल पर नेहा का रो-रोकर बुरा हाल है।

एसीपी प्रथम प्रवीण कुमार सिंह का कहना है कि मामले की गंभीरता को समझ कर तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। पति-पत्नी के बीच शराब पीने का विवाद सामने आया है। फिलहाल तलाशी अभियान तेज करते हुए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को भी बुलाया गया है। देर रात तक रवि का कुछ पता नहीं चला।

यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में काट दी फौजी की नाक, छुट्टी पर आए जवान से बर्बरता; हमलावरों ने हथौड़े से भी मारा