ग्रेटर नोएडा में काट दी फौजी की नाक, छुट्टी पर आए जवान से बर्बरता; हमलावरों ने हथौड़े से भी मारा
जेवर में बाइक टकराने के विवाद में भारतीय सेना के एक जवान पर तीन युवकों ने हमला कर दिया। हमले ...और पढ़ें

तीन युवकों ने हमला कर फौजी की नाक काट दी।
HighLights
बाइक टकराने के विवाद में सैनिक पर हमला हुआ
नुकीली वस्तु से नाक का अगला हिस्सा कटा, हथौड़े से वार
सियाचिन से छुट्टी पर आए जवान पर हमला किया गया
जागरण संवाददाता, जेवर। कोतवाली जेवर क्षेत्र में बाइक टकराने के विवाद में भारतीय सेना में तैनात एक युवक पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन युवकों ने उसके साथ मारपीट की और नाक पर लोहे की नुकीली वस्तु से वार कर दिया।
हमले में उसकी नाक का अगला हिस्सा कट गया। आरोप है कि हमलावरों ने उसकी जांघ पर हथौड़े से भी प्रहार किया। घायल का अस्पताल में उपचार कराने के साथ ही आरोपियों के खिलाफ मामले की शिकायत जेवर पुलिस को दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
बाइक टकराने पर युवक पर हमला
जेवर के निकट अलीगढ़ के बुढ़ाका गांव निवासी रॉकी तालान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार देर शाम वह जेवर से अपने गांव जा रहा था। आर एंड आर टाउनशिप के पास एक युवक की मोटरसाइकिल उसकी बाइक से टकरा गई।
आरोप है कि टक्कर के बाद आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उसके साथ मारपीट करने लगा। कुछ देर बाद ही आरोपी के दो अन्य साथी मौके पर पहुंच गए और तीनों ने उसके साथ मारपीट की।
इसी दौरान नुकीली लोहे की वस्तु से उसकी नाक पर वार किया गया, जिससे नाक का अगला हिस्सा कट गया और खून बहने लगा। आरोप है कि हमलावरों ने उसकी जांघ पर हथौड़े से भी वार किया।
नाक का हिस्सा कटने से चोट गंभीर
स्वजन के अनुसार घायल रॉकी भारतीय सेना में लद्दाख सियाचिन ग्लेशियर बेस कैंप जाट मेजरमेंट पांच जाट बटालियन में तैनात है और छुट्टी पर घर आया हुआ था। हमले में नाक का अगला हिस्सा कट जाने से उसकी चोट गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद स्वजन ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिली है। घायल का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। जांच में सामने आए तथ्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
