नोएडा: मतांतरण का दबाव बनाने वाला DU का पूर्व PhD छात्र अरेस्ट, युवती से 75 लाख की ठगी और ब्लैकमेलिंग का है मामला
नोएडा में एक युवती को शादी के लिए मतांतरण का दबाव बनाकर शारीरिक शोषण किया गया और वीडियो से ब्लैकमेल कर 75 लाख रुपये हड़प लिए गए। पुलिस ने दिल्ली विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र मोहम्मद रिजवान को गिरफ्तार कर लिया है।
-1795683261058_m.webp)
नोएडा पुलिस। फाइल फोटो - जागरण
HighLights
युवती पर मतांतरण और शारीरिक शोषण का दबाव बनाया गया।
वीडियो बनाकर 75 लाख रुपये की ब्लैकमेलिंग और ठगी हुई।
दिल्ली विश्वविद्यालय का पूर्व छात्र मोहम्मद रिजवान गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, नोएडा। नोएडा में सेक्टर-113 थाना क्षेत्र की एक युवती पर शादी के लिए मतांतरण का दबाव बनाने और चार साल तक शारीरिक शोषण का वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग में करीब 75 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है।
पुलिस ने दिल्ली विश्वविद्यालय से पीएचडी कर चुके पूर्व छात्र के खिलाफ विभिन्न धारा में मुकदमा दर्ज कर बुधवार को उसे दिल्ली जनकपुरी से गिरफ्तार कर लिया। शिकायत के आधार पर आरोपी की बहन को भी नामजद किया गया है।
पीएचडी कर रहा था मोहम्मद
पीड़िता ने पुलिस को शिकायत दी है कि वह दिल्ली विश्वविद्यालय में एक प्रोफेसर के साथ काम कर रही थीं। तभी उनकी मुलाकात बिहार में मुंगेर जिले के रहने वाले मोहम्मद रिजवान से हुई। वह उन्हीं प्रोफेसर के निर्देशन में पीएचडी कर रहा था, जिनके पास पीड़िता काम कर रही थीं।
शादी करने की जिद भी की
2015 से वह दिल्ली के जनकपुरी इलाके में रह रहा है। बातचीत के दौरान दोनों में नजदीकियां बढ़ गई। बाद में पीड़िता भी पीएचडी करने के लिए विदेश चली गईं। कुछ साल बाद वह स्वदेश लौटीं तो रिजवान ने दोबारा मिलने का दबाव बनाया। 2022 में वह उनके घर पहुंचा और शादी करने की जिद करने लगा।
आरोप है कि शादी का भरोसा देकर पीड़िता के साथ कई बार संबंध बनाए। इस दौरान उसने उनकी अश्लील वीडियो भी बना ली। यही नहीं, शादी के लिए धर्म बदलने का लगातार दबाव भी बनाता रहा।
वहीं, आरोपों की मानें तो आरोपी ने वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने का डर दिखाकर 2022 से मार्च 2026 तक कई बार शोषण किया और अलग-अलग बहाने से 75 लाख रुपये भी ऐंठ लिए। उनके अलावा छोटी बहन से भी करीब 22 लाख रुपये लेने का आरोप है।
आरोप लगाकर नामजद कराया
पीड़िता ने शादी के लिए मतांतरण करने से इनकार कर दिया तो उन्हें मारने की धमकी दी गई। पीड़िता ने आरोपी की बहन पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप लगाकर नामजद कराया है।
नोएडा जाेन के एडीसीपी अभय कुमार मिश्र ने बताया कि आरोपी मोहम्मद रिजवान को गिरफ्तार कर लिया है। शिकायत के आधार पर उसकी बहन की भूमिका और रकम हड़पने समेत अन्य तथ्यों की जांच गहनता से कर रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।