नोएडा के ममूरा में पांच मंजिला मकान में आग लगने से दो लोगों की मौत; 50 से ज्यादा को बचाया
Noida Mamura Fire News : नोएडा के ममूरा गांव स्थित एक पांच मंजिला मकान में आग लग गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई।
HighLights
नोएडा के मामूरा में पांच मंजिला मकान में आग लगी
फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटी
आग में झुलसे दो लोगों की मौत की सूचना
जागरण संवाददाता, नोएडा। Noida Mamura Fire : सेक्टर-66 के मामूरा गांव स्थित ‘एनसीआर पीजी’ में ई-चार्जिंग काल बन गई। बुधवार सुबह चार्जिंग के दौरान ई-बाइक की बैटरी फटने से भीषण आग लग गई और बैटरी फटते ही उसने 16 अन्य वाहनों को भी चपेट में ले लिया। इसके बाद पूरी इमारत में आग तेजी से फैलती गई।
घटना के समय इस चार मंजिला अवैध इमारत में 67 से ज्यादा लोग मौजूद थे, जिनमें दो की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए दो भवनों की छत के बीच बांस की सीढ़ी और रस्सी के जरिये रास्ता बनाकर 50 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाल लिया। जबकि घटना की सूचना पाकर महज चार मिनट में पहुंचे अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने भी 15 लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद आठ दमकल वाहन और 40 कर्मियों की मदद से करीब 45 मिनट में आग पर काबू पाया जा सका।

बिल्डिंग में सीढ़ी लगाकर बचाए गए लोग। फोटो- जागरण
फेस-3 थाना पुलिस ने इमारत में आग लगने के बाद साक्ष्यों को छुपाने के उद्देश्य से मुख्य गेट बंद कर दिया है। स्थानीय पुलिस की इस कार्रवाई से बिल्डिंग में रहने वाले लोग परेशान हैं।

वह अपने कमरे में हुए नुकसान को जानने के लिए पुलिस से मौके पर पहुंचने की गुहार लगा रहे हैं।

आग में हुए नुकसान के बाद कमरों में रहने वाले लोग अपना सामान लेकर दूसरी जगह शिफ्ट हो रहे हैं।

पुलिस पर आरोप है कि मृतक स्नेहा के भाई को थप्पड़ मारा है। वह अपने कमरे से बहन का सामान निकालने की गुहार लगा रहा था, जिस पर पुलिस कर्मी आग बबूला हो गए और उसे एक थप्पड़ जड़ दिया। मुख्य गेट पर खड़े अन्य लोगों ने पुलिस कर्मियों की इस हरकत का विरोध करते हुए हंगामा किया।

आग लगने की घटना के दौरान मौके पर मौजूद चश्मदीद दुकानदार अमन ने शोर मचाकर सभी को बाहर निकालने के लिए कहा, जिससे समय रहते कई लोग बाहर निकल सके।
आग लगने की सूचना पर आनन-फानन में फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान फायर विभाग के अधिकारी और डीसीपी समेत आला अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- नोएडा सेक्टर-88 में एक फैक्ट्री में लगी आग, दमकल ने समय रहते पाया काबू; कोई हताहत नहीं
