प्रेमी के लिए पति को छोड़ा, उसी ने गला दबाकर ले ली जान; शव को ठिकाने लगाया और 3 लाख रुपये लेकर फरार
नोएडा में एक महिला की उसके प्रेमी ने गला दबाकर हत्या कर दी। महिला अपने पति को छोड़कर प्रेमी के ...और पढ़ें
-1772934581804_m.webp)
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, नोएडा। जिस प्रेमी के लिए महिला ने अपने पति को छोड़ा, उसी प्रेमी ने महिला की गला दबाकर हत्या कर दी। घर बसाने के लिए जमा-पूंजी लेकर भागी महिला के बैग में रखे तीन लाख रुपये भी निकाल लिए। शव को नोएडा सेक्टर-129 में गुलशन मॉल के सामने सर्विस रोड किनारे फेंककर भाग गया।
एक्सप्रेसवे थाना पुलिस ने पर्स से मिले पैन कार्ड से महिला की पहचान की। पुलिस ने पहले पति पर शक जताया, पर प्रेमी के बारे में पता चलने पर सर्विलांस व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शिकंजा कसा। आरोपी को शनिवार को सेक्टर 129 से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
दिल्ली के कालिका धाम काली मंदिर के पास शंकर अपनी पत्नी कविता उर्फ काव्या संग रहता था। उन्होंने एक कमरा साहिबाबाद के कालूराम हलवाई वाली गली में भी किराये पर लिया था। शंकर एक होटल में काम करता था, जबकि पत्नी कविता घरेलू सहायिका थी।
पुलिस ने दोनों को समझा-बुझाकर भेजा था घर
शंकर को शक था कि कविता के दिल्ली के गणेश नगर के रहने वाले टैक्सी चालक विक्की से प्रेम संबंध हैं। शंकर इसका विरोध करता था। इसे लेकर आए दिन विवाद होता था। 28 फरवरी की देर रात को भी दोनों में विवाद हुआ था। थाना पुलिस ने दोनों को समझा-बुझाकर घर भेजा था।
रविवार सुबह शंकर काम पर चला गया था, जबकि कविता विक्की के साथ भागने के लिए घर से निकली। करीब तीन लाख रुपये की जमा-पूंजी भी बैग में रख लिया। दोनों दिल्ली व गाजियाबाद में कार से घूमते रहे व रास्ते में शराब भी पी। रात करीब नौ बजे नोएडा के पंचशील स्कूल के पास पहुंचे।
नकदी निकालकर बैग फेंक दिया
विक्की प्रेम संबंध रखने के लिए तैयार था, पर दोनों के शादीशुदा होने से दोबारा शादी करने के लिए राजी नहीं हुआ। इस बात पर कविता ने केस दर्ज कराने की धमकी दी तो दोनों में विवाद होने लगा। इसी दौरान विक्की ने चुन्नी से गला दबाकर कविता की हत्या कर दी। वहां से यूटर्न लेकर कार से शव को सर्विस रोड किनारे फेंककर भाग गया। नकदी निकालकर बैग को भी वहीं फेंक दिया था।
यह भी पढ़ें- पिता के कातिल बेटे का खौफनाक कबूलनामा, पछतावा कर अकेले में खूब रोया; सिर्फ डांटने पर कर डाली थी निर्मम हत्या
एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि बैग से मिले पैन कार्ड से पुलिस दिल्ली के पते पर पहुंची तो वहां पता चला कि पति-पत्नी का एक दिन पहले विवाद हुआ था। काफी प्रयास के बाद पति शंकर थाने पहुंचा। उससे विक्की के बारे में पता चला।
200 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज चेक किए
पुलिस ने तीन मार्च को पोस्टमॉर्टम कराकर शव का अंतिम संस्कार कराया गया। पति की शिकायत पर अज्ञात पर केस दर्ज किया गया। 200 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए तो रविवार रात करीब एक बजे विक्की की सिल्वर कार घटनास्थल के आसपास दिखी। उसको हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने हत्या करने की बात स्वीकार की। उसके पास से कार व तीन लाख दो हजार रुपये बरामद हुए।
