नोएडा से जेवर एयरपोर्ट तक का सफर होगा सुपरफास्ट, यमुना किनारे बनेगी 27 KM लंबी एलिवेटेड रोड, सोमवार को अहम बैठक
नोएडा से जेवर एयरपोर्ट तक 27 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड के निर्माण पर सोमवार को लखनऊ में एक अहम बैठक होगी। यह सड़क यमुना तटबंध के किनारे बनेगी और नोएडा के सेक्टर-94 से सेक्टर-150 तक जाएगी, जिसे आगे जेवर एयरपोर्ट से जोड़ा जाएगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
नोएडा से जेवर एयरपोर्ट तक 27 किमी एलिवेटेड रोड बनेगी।
यह सड़क यमुना तटबंध के किनारे निर्मित की जाएगी।
परियोजना समीक्षा के लिए लखनऊ में अहम बैठक होगी।
जागरण संवाददाता, नोएडा। यमुना तटबंध के किनारे प्रस्तावित एलिवेटेड रोड को लेकर सोमवार को लखनऊ में अहम बैठक होगी। अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक कुमार नोएडा प्राधिकरण, उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग और परियोजना से जुड़े अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा करेंगे।
यह एलिवेटेड रोड नोएडा के सेक्टर-94 से सेक्टर-150 तक बनेगी। सेक्टर-150 से आगे इसे यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर-23 सी तक जोड़ने और नोएडा एयरपोर्ट से संपर्क देने का प्रस्ताव है। नोएडा क्षेत्र में इसकी लंबाई करीब 27 किलोमीटर होगी।
इसे यमुना तटबंध के किनारे सिंचाई विभाग की जमीन पर बनाया जाना है। बैठक में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), नोएडा प्राधिकरण और सिंचाई विभाग समेत अन्य विभागों के अधिकारी शामिल होंगे।
NHAI तैयार कर रहा डीपीआर
औद्योगिक विकास आयुक्त ने सितंबर में परियोजना का प्रस्तुतिकरण देखा था। अब वे इसकी प्रगति की जानकारी लेंगे और निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने पर चर्चा करेंगे।
परियोजना के लिए सिंचाई विभाग की जमीन पर निर्माण की एनओसी जरूरी है। एनएचएआई इसकी विस्तृत कार्ययोजना (डीपीआर) तैयार कर रहा है।
सिंचाई विभाग की जमीन के अतिरिक्त निर्माण के लिए जितनी जमीन की जरूरत होगी, उसे प्राधिकरण अधिग्रहित करेगा या उसकी कीमत देगा। प्राधिकरण महाप्रबंधक एके अरोड़ा ने बताया कि सोमवार की बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे।