नोएडा में जहरीली हवा का असर: 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड पढ़ाई, कल से आदेश लागू
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण शिक्षा विभाग ने कक्षा 5 तक के स्कूलों को हाइब्रिड मोड में संचालित करने का फैसला किया है।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
कक्षा 5 तक के स्कूल हाइब्रिड मोड में संचालित होंगे।
बढ़ते वायु प्रदूषण और खराब हवा के कारण लिया फैसला।
छात्रों को ऑनलाइन या ऑफलाइन पढ़ाई का विकल्प मिलेगा।
जागरण संवाददाता, नोएडा। नोएडा में लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण और खराब होती हवा को देखते हुए शिक्षा विभाग ने स्कूली बच्चों को राहत देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। शिक्षा निदेशालय के निर्देश पर जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा 5 तक की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में संचालित की जाएगी।
इसके तहत विद्यार्थियों को स्कूल जाकर आफलाइन कक्षाओं में पढ़ने के साथ-साथ आनलाइन पढ़ाई का विकल्प भी मिलेगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और अगले आदेश तक जारी रहेगा। जिले में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) लगातार 300 के पार बना हुआ है।
ग्रेप-3 प्रतिबंधों के चलते लिया फैसला
प्रदूषण की गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्रेप-3 के प्रतिबंध भी लागू हैं। ऐसे में छोटे बच्चों को प्रदूषित हवा के संपर्क में आने से बचाने के लिए यह कदम उठाया गया है।
शिक्षा विभाग ने स्कूलों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि 5वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में कराई जाए, ताकि अभिभावक बच्चों की परिस्थितियों और सुविधा के अनुसार आनलाइन या आफलाइन पढ़ाई का विकल्प चुन सकें।
बता दें कि त्योहार के बाद जिले के विद्यालय बृहस्पतिवार से खुलने जा रहे हैं। ऐसे में स्कूल खुलने से ठीक एक दिन पहले यह आदेश जारी कर सभी विद्यालयों को नई व्यवस्था से अवगत करा दिया गया है। अब अगले आदेश तक जिले के स्कूलों में 5 वीं कक्षा तक के बच्चों की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में ही संचालित होगी।
लगातार प्रदूषण का स्तर बेहद खराब से गंभीर श्रेणी में बना हुआ है। इसको देखते हुए शासकीय और निजी विद्यालयों में 5वीं कक्षा तक की कक्षाओं का हाइब्रिड मोड पर संचालित करने का आदेश दिया है।
-राहुल पंवार, बीएसए, गौतम बुद्ध नगर