1 दिसंबर से नोएडा में 35 दिन का मेगा सर्वे: 30 लाख लोगों का तैयार होगा रिकॉर्ड; पूछे जाएंगे 40 सवाल
नोएडा में 1 दिसंबर से 30 लाख लोगों की आर्थिक, सामाजिक और व्यक्तिगत गणना शुरू होगी, जो 35 दिनों तक ...और पढ़ें

नाेएडा में एक दिसंबर से शुरू होगा सर्वे। फोटो: आर्काइव
HighLights
1 दिसंबर से 30 लाख लोगों की घर-घर गणना
प्रगणकों को विशेष प्रशिक्षण, 16-30 नवंबर तक स्वयं गणना
आर्थिक, सामाजिक, व्यक्तिगत जानकारी के लिए 40 प्रश्न
जागरण संवाददाता, नोएडा। जनपद में एक दिसंबर से करीब 30 लाख लोगों की आर्थिक, सामाजिक और व्यक्तिगत गणना का काम शुरू होगा। दूसरे चरण की यह गणना 35 दिन चलेगी और इसकी अंतिम तिथि चार जनवरी 2027 तय की गई है।
खास बात यह है कि घर-घर गणना शुरू होने से पहले 16 से 30 नवंबर तक लोगों को स्वयं ऑनलाइन गणना करने का अवसर मिलेगा।
16 नवंबर से ऑनलाइन गणना का अवसर
केंद्र और प्रदेश सरकार के निर्देश पर गणना की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी मेधा रूपम ने प्रशासनिक और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की।
उन्होंने हाउस लिस्टिंग ब्लाक के आधार पर दूसरे चरण की गणना शत-प्रतिशत कराने और मास्टर सुपरवाइजर व फील्ड इंचार्जों को विशेष प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए।
एडीएम वित्त अजीत कुमार ने बताया कि जनपद की जनसंख्या का आकलन करने के साथ हाउस लिस्टिंग ब्लाक के आधार पर फील्ड स्टाफ की नियुक्ति के निर्देश दिए गए हैं।
16 से 30 नवंबर तक स्वयं गणना कराने की योजना है। इसके बाद एक दिसंबर से घर-घर जाकर व्यक्तिगत, आर्थिक और सामाजिक जानकारी का रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा।
छह हजार से ज्यादा प्रगणक जाएंगे घर
शत-प्रतिशत गणना के लिए छह हजार से ज्यादा प्रगणकों को मैदान में उतारा जाएगा। ये प्रगणक घर-घर जाकर लोगों से 40 सवालों के जवाब लेंगे और उनका डेटा रिकॉर्ड करेंगे।
गणना में व्यक्ति का नाम, मुखिया से संबंध, लिंग, जन्मतिथि और आयु, वैवाहिक स्थिति, विवाह के समय आयु, पति या पत्नी का नाम, राष्ट्रीयता, धर्म, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति से संबंधित जानकारी पूछी जाएगी।
शिक्षा से रोजगार तक मांगी जाएगी जानकारी
गणना में माता-पिता का विवरण, निश्शक्तता, मातृभाषा व अन्य भाषाओं का ज्ञान, साक्षरता और डिजिटल साक्षरता, शैक्षणिक संस्थान में शिक्षा की स्थिति, उच्चतम शैक्षणिक स्तर तथा संकाय-विषय से जुड़े सवाल भी होंगे।
इसके अलावा पिछले वर्ष किसी समय कामकाज करने, आर्थिक कार्यकलाप की श्रेणी, व्यवसाय, उद्योग, व्यापार या सेवा के स्वरूप और कर्मी के वर्ग से संबंधित जानकारी ली जाएगी। गैर-आर्थिक कार्यकलाप, काम की खोज या काम के लिए उपलब्धता से जुड़े सवाल भी शामिल हैं।
यात्रा और स्थान परिवर्तन का भी विवरण
प्रगणक कार्यस्थल की यात्रा, जन्म स्थान, पूर्व निवास स्थान, स्थान परिवर्तन का कारण और स्थान परिवर्तन के बाद गांव या नगर में निवास की अवधि के बारे में भी जानकारी लेंगे। स्थायी निवास का पता भी दर्ज किया जाएगा।
वर्तमान में जीवित बच्चों की संख्या, कभी जीवित पैदा हुए बच्चों की संख्या और पिछले एक वर्ष में जीवित पैदा हुए बच्चों की संख्या से जुड़े सवाल भी पूछे जाएंगे। ये सवाल संबंधित वैवाहिक स्थिति वाली महिलाओं के लिए निर्धारित हैं।
बैंक खाते और दस्तावेजों की जानकारी
गणना में कोविड-19 टीकाकरण का स्थान, बैंक खातों की कुल संख्या और मोबाइल नंबर की जानकारी भी शामिल है। इसके साथ आधार नंबर, वोटर आइडी नंबर, पासपोर्ट नंबर और ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता से जुड़े सवाल भी पूछे जाएंगे।
