नोएडा DM मेधा रूपम की चेतावनी, श्रमिकों को समय पर इलाज देने में बरती लापरवाही तो नपेंगे अधिकारी
नोएडा की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने ईएसआइसी अस्पताल का निरीक्षण किया और श्रमिकों को समय पर इलाज सुनिश्चित करने के ...और पढ़ें

नोएडा की डीएम मेधा रूपम ने अस्पतालों का किया निरीक्षण।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, नोएडा। सेक्टर-24 स्थित ईएसआइसी अस्पताल में सोमवार को जिलाधिकारी मेधा रूपम ने श्रमिकों को सुलभ और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दिलाने के लिए निरीक्षण किया। उन्होंने मरीज और उनके स्वजनों से बात करने के बाद प्रबंधकों के साथ बैठक की। जहां डिस्पेंसरी की संख्या बढ़ाने, रेफरल सिस्टम का सरलीकरण करने व ओपीडी में सभी चिकित्सकों की उचित व्यवस्था के निर्देश दिए।
उन्होंने अस्पताल प्रशासन व चिकित्सकों के साथ बैठक कर श्रमिकों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की, जिसमें अस्पताल में उपचार की गुणवत्ता, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय स्टाफ की स्थिति, समय पर उपचार व्यवस्था एवं आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
ओपीडी, दवा वितरण केंद्र, इमरजेंसी वार्ड का किया निरीक्षण
चिकित्साधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी सेवाएं प्रभावी ढंग से संचालित की जाएं। इसके बाद ओपीडी, दवा वितरण केंद्र, इमरजेंसी वार्ड, लैब व कैंटीन समेत अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों से संवाद कर अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं पर उनका फीडबैक लिया।
एक्सपायरी डेट की लगातार निगरानी रखने के निर्देश
उन्होंने कहा कि श्रमिकों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समय से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। विशेष रूप से डाक्टरों की उपलब्धता, आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की कार्यशीलता व दवाओं की पर्याप्त आपूर्ति, कैंटीन में मरीजों के लिए तैयार खाने की गुणवत्ता, पैकेजिंग फूड पर एक्सपायरी डेट की लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि श्रमिकों के इलाज में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए। इस दौरान सीएमओ डॉ. नरेंद्र कुमार, एसीएमओ चंदन सोनी और ईएसआइसी की डीन डॉ. हरमन कौर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
