नोएडा में लीजिए सनसेट सफारी का मजा, 30 एकड़ में बना डियर पार्क; अफ्रीकी एंटीलोप समेत दिखेंगे 99 वन्यजीव
नोएडा के सेक्टर-91 स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क में 30 एकड़ में एक भव्य डियर पार्क विकसित किया जा रहा है, जिसमें 99 वन्यजीव और अफ्रीका से एंटीलोप प्रजातियाँ लाई जाएंगी।

नोएडा में 30 एकड़ में डियर पार्क बनाया जाएगा। फोटो: एआई जनरेटेड
HighLights
सेक्टर-91 में 30 एकड़ में बन रहा डियर पार्क
पार्क में 99 वन्यजीव और अफ्रीकी एंटीलोप प्रजातियाँ होंगी
दिसंबर तक पूरा होगा, सनसेट सफारी की सुविधा मिलेगी
कुंदन तिवारी, नोएडा। नोएडा में वन्यजीवों को देखने का नया ठिकाना तैयार हो रहा है। सेक्टर-91 के बायोडायवर्सिटी पार्क में करीब 30 एकड़ में बन रहा डियर पार्क मिनी जू की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है।
खास बात यह होगी कि यहां लोग सूरज डूबने के बाद भी रात करीब 10 बजे तक हिरण और जलीय पक्षियों को देख सकेंगे। नोएडा के साथ ही दिल्ली एनसीआर के रहने वालों के लिए यह एक अलग अनुभव होगा।
रात में भी दिखेंगे जंगल के मेहमान
डियर पार्क को सनसेट सफारी की तर्ज पर विकसित करने की योजना है। इसके लिए स्पेक्ट्रम लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी। इससे जानवरों को अंधेरे का एहसास होगा, जबकि सफारी में आने वाले लोग उन्हें आसानी से देख सकेंगे।
यानी सूर्यास्त के साथ सफारी बंद नहीं होगी। रात करीब 10 बजे तक लोग हिरणों और जलीय पक्षियों को देखने का अनुभव ले सकेंगे।
99 वन्यजीव, 10 प्रजातियां होंगी
करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस पार्क में कुल 99 वन्यजीव लाने की योजना है। इनमें 33 नर और 66 मादा होंगे। एनिमल कलेक्शन प्लान के तहत 10 प्रजातियों को शामिल किया गया है।
इनमें माउस डियर, ब्राउ एंटलर्ड डियर, हाग डियर, स्वैम्प डियर, स्पाटेड डियर, सांभर डियर और बार्किंग डियर प्रमुख हैं। अधिकांश वन्यजीवों को लखनऊ, कानपुर और हैदराबाद के चिड़ियाघरों से लाने की योजना है।
अफ्रीकी एंटीलोप भी दिखेंगे
डियर पार्क में सिर्फ हिरण ही आकर्षण नहीं होंगे। कलेक्शन प्लान में ब्लैकबक, चिंकारा और चौसिंघा की कुल 15 संख्या प्रस्तावित है। इसके अलावा विदेशी वन्यजीवों को भी शामिल किया जाएगा।
पार्क में स्प्रिंगबाक, इम्पाला, वाइल्डबीस्ट और लेसर कुडू जैसी अफ्रीकी एंटीलोप प्रजातियां भी होंगी। इन्हें लाने की प्रक्रिया सेंट्रल जू अथारिटी की गाइडलाइन के अनुसार होगी।
एवियरी में दिखेंगे रंग-बिरंगे पक्षी
पार्क में जलीय और अन्य पक्षियों के लिए भी एवियरी बनाई जाएगी। इसमें पेंटेड स्टार्क, ओपन-बिल्ड स्टार्क, कार्मोरेंट और पेलिकन को शामिल करने की योजना है।
प्रजातियों और उनकी संख्या का चयन उपलब्ध स्थान, वन्यजीवों के स्वास्थ्य और पार्क की थीम को ध्यान में रखकर किया गया है।
नौ बाड़े तैयार, दिसंबर लक्ष्य
डियर पार्क में हिरणों और अन्य वन्यजीवों के लिए 12 छोटे-बड़े बाड़े बनाए जा रहे हैं। इनमें नौ बाड़े तैयार हो चुके हैं, जबकि बाकी का निर्माण जारी है।
फिलहाल पार्क में सिविल निर्माण और बाड़ों का काम चल रहा है। परियोजना को दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से वन्यजीवों को यहां लाने की प्रक्रिया शुरू होगी।
डियर पार्क की खास बातें
- स्थान: सेक्टर-91 बायोडायवर्सिटी पार्क
- क्षेत्रफल: करीब 30 एकड़
- लागत: करीब 40 करोड़ रुपये
- बाड़े: 12, इनमें नौ तैयार
- वन्यजीव: कुल 99
- नर-मादा: 33 नर, 66 मादा
- विदेशी प्रजातियां: स्प्रिंगबाक, इम्पाला, वाइल्डबीस्ट और लेसर कुडू
- सफारी का समय: रात करीब 10 बजे तक
- पूरा होने का लक्ष्य: दिसंबर
अभी पार्क में सिविल निर्माण और बाड़ों का कार्य चल रहा है। अधिकारियों का कहना है कि दिसंबर तक पूरा काम समाप्त होने की उम्मीद है। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से वन्यजीवों को यहां लाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के क्षेत्र में इस तरह का डियर पार्क नहीं है।
-आनंद मोहन सिंह, निदेशक (उद्यान), नोएडा प्राधिकरण।
