विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विदेशी टूर पैकेज के नाम पर 12 लाख की ठगी, नोएडा के आम्रपाली सोसायटी से साइबर ठग गिरफ्तार

Published: Wed, 18 Mar 2026 07:50 PM (IST)

नोएडा साइबर पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय टूर पैकेज के नाम पर ठगी करने वाले आदित्य राज सिंह को आम्रपाली सोसाइटी से गिरफ्तार किया है।

ठगी करने वाले आदित्य राज सिंह को आम्रपाली सोसाइटी से गिरफ्तार। फाइल फोटो

ठगी करने वाले आदित्य राज सिंह को आम्रपाली सोसाइटी से गिरफ्तार। फाइल फोटो

HighLights

  1. नोएडा में अंतरराष्ट्रीय टूर पैकेज ठगी का आरोपी गिरफ्तार।

  2. आरोपी आदित्य राज सिंह ने 12 लाख की धोखाधड़ी की।

  3. सोशल मीडिया पर आकर्षक पैकेज दिखाकर लोगों को फंसाता था।

जागरण संवाददाता, नोएडा। सिंगापुर, यूरोप, वियतनाम और नेपाल समेत विदेशों के लुभावने पैकेज देकर दिल्ली-एनसीआर के लोगों को ठगने वाला आरोपित बुधवार सुबह आम्रपाली सोसायटी से साइबर क्राइम पुलिस के हत्थे चढ़ गया। कमिश्नरेट पुलिस सर्विलांस और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से उस पर काफी समय से नजर रख रही थी। टीम ने उसके तीन मोबाइल और एक लैपटाप जब्त किए हैं। शातिर से पूछताछ में 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का पर्दाफाश भी हुआ है।

डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि आरोपित आदित्य राज सिंह थाना बिसरख की आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसायटी का निवासी है। जांच में आया कि वह इंटरनेट मीडिया अकाउंट और गूगल सर्च इंजन पर वेबसाइट बनाकर सिंगापुर, नेपाल, यूरोप समेत अन्य गल्फ कंट्री में घूमने-फिरने व रहने-खाने-पीने का पूरा टूर एंढ ट्रैवल पैकेज का विज्ञापन चलाता था।

जब लोग इन विज्ञापनों के झांसे में आकर संपर्क करते थे, तो आरोपित उन्हें अलग-अलग पैकेज को विशेष छूट के साथ लाभ देकर जाल में फंसा लेता था। वह इतना शातिर है कि जब भी कोई ग्राहक उससे पैकेेज लेकर दूसरे से संपर्क करने की बात कहता था तो उन्हें अलग से और डिस्काउंट दे देता था।

बाद में उनसे पैकेज की रकम बताकर नकदी ऐंठ लेता था। जैसे ही शातिर के खाते में रकम ट्रांसफर हो जाती है तो टिकट बुक करने का दिखावा करता और फिर उसे कैंसिल कराकर खुद ही रिफंड ले लेता था। पुलिस का कहना है कि शातिर ने पीड़ितों से 12 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया है। वह मूल रूप से बिहार के लखीसराय जिले का रहने वाला है। फिलहाल पुलिस उसके अन्य साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है।

डीसीपी की लोगों से विशेष अपील

डीसीपी ने लोगों से विशेष अपील की है कि इंटरनेट मीडिया पर आने वाले विज्ञापनों पर जल्दी विश्वास न करें। किसी भी टूर एंड ट्रैवलर्स से पैकेज लेते समय उसकी बारीकी से जांच कर लें। एजेंसी की वेबसाइट, रजिस्ट्रेशन और रिव्यू जरूर जांचें। पैसे ट्रांसफर करने से पहले एजेंसी का आफिस संपर्क व सही जानकारी प्रमाणित कर लें।

साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत संपर्क कर फर्जी लेन-देन या ठगी की शिकायत दर्ज करएं।

यह भी पढ़ें: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन की तारीख तय, PM मोदी को 28 मार्च का न्योता