नोएडा के 5 लोगों को लगाया 1 करोड़ से ज्यादा का चूना, ठगों की तलाश में जुटी पुलिस
नोएडा में साइबर ठगों ने ऑनलाइन ट्रेडिंग, बैंक खाते तक पहुंच और अन्य तरीकों से पांच लोगों को 1.20 करोड़ रुपये का चूना लगाया है।

नोएडा के पांच लोगों से एक करोड़ से ज्यादा की ठगी। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
नोएडा में पांच लोगों से 1.20 करोड़ की साइबर ठगी।
ऑनलाइन ट्रेडिंग, बैंक एक्सेस और क्रेडिट कार्ड के बहाने ठगी।
साइबर क्राइम पुलिस ने जांच शुरू की, ठगों की तलाश जारी।
जागरण संवाददाता, नोएडा। नोएडा में साइबर ठगों ने ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश, बैंक खाते का एक्सेस लेकर और अन्य तरीके से पांच लोगों को जाल में फंसाकर 1.20 करोड़ की ठगी कर ली।
जानाकरी के अनुसार, सभी मामले 2025-26 के हैं। दो पीड़ित के मुनाफा और निवेश की रकम मांगने पर शातिर ने संपर्क तोड़ दिया। साइबर क्राइम पुलिस ने पोर्टल पर मिली शिकायत का संज्ञान लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बिसरख के सावेरी स्थित एमएसजे होम्स इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि ने पुलिस को शिकायत दी कि 25 मार्च को उनके बैंक अकाउंट से इंटरनेट बैंकिंग के जरिये साइबर ठगों ने 12 लाख 14 हजार 437 रुपये ट्रांसफर हो गए। कुछ देर बाद उनके फोन पर बैंक से ट्रांजेक्शन का मैसेज आने पर होश उड़ गए।
ऑनलाइन व्यापार का झांसा दिया
मेरठ के पल्लवपुरम स्थित एकता नगर की जीबा ने शिकायत दी कि एक शातिर ने उन्हें ऑनलाइन व्यापार का झांसा देकर 61 लाख रुपये ठग लिए। वॉट्सएप से संपर्क करने के बाद शातिर ने ऑनलाइन उत्पाद में रुपये निवेश करने की सलाह दी।
महिला ने झांसे में आकर 20 बार में 61 लाख रुपये ठगों को ट्रांसफर कर दिए। लंबे समय बाद मुनाफे की रकम मांगने पर शातिर ने फोन स्विच ऑफ कर दिया
पीड़िता आईटी सेक्टर की कंपनी में नौकरी करती हैं। सेक्टर-128 की जेपी विशटाउन सोसायटी में रहने वाले सौरभ गुप्ता ने शिकायत दी कि शातिर ने क्रेडिट कार्ड दिलाने के बहाने उनसे अलग-अलग खाते में कई बार में छह लाख नौ हजार रुपये ट्रांसफर करा लिये।
तीन गुना मुनाफा कमाने का झांसा
वहीं, सेक्टर 58 के प्रत्यूष पराशर से दिव्या गंगा ट्रेडिंग लिमिटेड का प्रतिनिधि बनकर जून 2025 में सम्पर्क किया था। शातिर ने ट्रेडिंग कम्पनी में निवेश करने पर तीन गुना मुनाफा कमाने का झांसा दिया।
पीड़ित का दावा है कि 30 लाख रुपये निवेश के बाद शातिर ने सम्पर्क तोड़ दिया। उन्होंने ऑनलाइन और अन्य तरीके से ट्रेडिंग कंपनी की जानकारी की तो यह फर्जी मिली।
इसी तरह मेरठ के अंकुर चावला के खाते में साफ्टवेयर के माध्यम से एक्सेस लेकर 9.80 लाख रुपये की अवैध ट्रांजेक्शन कर ली। मामला अप्रैल 2026 का है।
साइबर क्राइम थाना पुलिस का कहना है कि मामले में विभिन्न खातों से हुई ट्रांजेक्शन का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। जल्द ही शातिरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तार के लिए दबिश दी जाएगी।
यह भी पढ़ें- ATM कार्ड बदलकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, हरियाणा के 4 आरोपी गिरफ्तार; 103 कार्ड बरामद
