विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राहुल गांधी के पैदल मार्च से पहले कांग्रेस की सीक्रेट बैठक, भूमिगत हुए कई कांग्रेसी

Published: Sun, 11 Oct 2026 10:40 PM (GMT+05:30)

राहुल गांधी की पदयात्रा को सफल बनाने के लिए यूपी कांग्रेस ने नोएडा में आपात बैठक की, जिसमें नेताओं ने पुलिस से बचने के लिए खास रणनीति बनाई।

राहुल गांधी के पैदल मार्च से पहले बंद कमरे में कांग्रेस की आपात बैठक

राहुल गांधी के पैदल मार्च से पहले बंद कमरे में कांग्रेस की आपात बैठक

HighLights

  1. राहुल गांधी की पदयात्रा के लिए नोएडा में आपात बैठक।

  2. कांग्रेस नेताओं ने पुलिस से बचने को बनाई खास रणनीति।

  3. गौतमबुद्ध नगर से 2000 लोगों को दिल्ली ले जाने का लक्ष्य।

सुमित शिशोदिया, नोएडा। वोट चोरी और एसआईआर के मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के पैदल मार्च को सफल बनाने के लिए प्रदेश नेतृत्व अलर्ट मोड है।

खास रणनीति के तहत यूपी कांग्रेस के सह-प्रभारी संजीव आर्या ने शनिवार देर रात नोएडा में आपात बैठक की। बंद कमरे में एक घंटे तक चली बैठक में रणनीति बनाकर कई वरिष्ठ पदाधिकारी हाउस अरेस्ट से बचते हुए भूमिगत हो गए।

जींस-टी-शर्ट में पुलिस को चकमा देने की रणनीति

जनपद से दो हजार लोगों को दिल्ली के एक खास स्थान पर पहुंचाने का अल्टीमेटम दिया गया है। जिला एवं महानगर के अलावा फ्रंटल प्रकोष्ठों के प्रभारियों को कुर्ता-पजामा छोड़कर जींस-टी-शर्ट या दूसरे कपड़ों पहनकर पुलिस को चकमा देने की रणनीति बताई गई है।

दिल्ली पुलिस की सख्ती

कांग्रेसियों की रणनीति है कि दिल्ली पुलिस की सख्ती और जगह-जगह बैरिकेडिंग पर हो रही चेकिंग से बचते हुए कांग्रेसी दिग्गज गाड़ियों छोड़कर बाइक या दूसरे वाहनों से निकलेंगे।

गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला और नोएडा महानगर अध्यक्ष मुकेश यादव ने सभी प्रकोष्ठ प्रभारियों को पांच-पांच लोगों को दिल्ली लाने की जिम्मेदारी दी है।

 70 कांग्रेसियों का मुख्यालय में डेरा

स्टेट कार्डिनेटर सतेंद्र शर्मा ने दावा किया कि उन्होंने पुलिस को चकमा देकर रविवार दोपहर ही घर छोड़कर अज्ञात जगह पर डेरा डाल लिया। कुर्ता-पजामे की जगह जींस-टीशर्ट पहन कर घर से निकले थे। पुलिस उन्हें लगातार फोन से संपर्क कर रही थी।

जिले के 70 कांग्रेसियों ने अपना बैग पैक करके दिल्ली एआईसीसी मुख्यालय में डेरा डाल लिया है। सूत्रों की मानें तो सह-प्रभारी ने सभी को चेतावनी दी कि पुलिस व प्रशासन के जाल में फंसकर जो भी दिल्ली नहीं पहुंचेगा, उसके नाम की सूची तैयार कर शीर्ष नेतृत्व के दरबार में दी जाएगी।

पुलिस और प्रशासन के दम पर लोकतंत्र का हनन किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी युवा, महिला और हर तबके के अधिकार का लड़ाई लड़ रही है। गौतमबुद्ध नगर से दो हजार लोगों को दिल्ली लाने का लक्ष्य दिया है। 70 से ज्यादा कांग्रेसी एआईसीसी मुख्यालय में आ चुके हैं।

-अनिल यादव, राष्ट्रीय प्रवक्ता

पुलिस ने मुझे और अन्य साथियों को हाउस अरेस्ट किया था, लेकिन मैं लखनऊ में पार्टी के कार्यक्रम से हिस्सा लेकर दिल्ली पहुंच गया हूं। कांग्रेस पार्टी देश में लोकतंत्र बचाने की लड़ाई लड़ रही है।

-दीपक भाटी चोटीवाला, जिलाध्यक्ष गौतमबुद्ध नगर

प्रदेश सह-प्रभारी की बैठक के बाद मैं और अन्य साथी दिल्ली पहुंच गए। सभी को विशेष रणनीति बता दी गई है। अब कांग्रेसी रूकने वाले नहीं हैं।

-मुकेश यादव, महानगर अध्यक्ष

यह भी पढ़ें- बदायूं में 'नोएडा' जैसा विकास! गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे बनेगा 741 एकड़ का मेगा इंडस्ट्रियल हब